
नारी डेस्क: पंजाबी फिल्म जगत के मशहूर अभिनेता और गायक गिप्पी ग्रेवाल को कथित तौर पर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से धमकी भरी कॉल मिलने का मामला सामने आया है। इस कॉल का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे फिल्म जगत और प्रशंसक के बीच चिंता का माहौल है। वायरल ऑडियो में कॉल करने वाले व्यक्ति खुद को गोल्डी बराड़ बताते हुए कहता है कि उसने कुछ दिन पहले भी गिप्पी ग्रेवाल को मैसेज भेजा था लेकिन उसका कोई जवाब नहीं मिला।

उसने यह भी दावा किया कि उसने 'पाने एले' को भी मैसेज किया है और दोनों से उसे बात करनी है। कॉल में आगे धमकी देते हुए कहा गया कि- "तुम्हें पहले भी कई मैसेज भेजे गए थे, लेकिन तुमने कोई जवाब देना जरूरी नहीं समझा। शायद तुम मैसेज को इग्नोर कर सकते हो, लेकिन जब गोलियां चलेंगी, तो उनकी आवाज को इग्नोर नहीं कर पाओगे।" साथ ही यह भी कहा गया कि अगर बात नहीं हुई तो मोहाली में फिल्म बनानी पड़ सकती है जिससे स्थिति गंभीर होने के संकेत मिलते हैं।

इस मामले पर पुलिस का कहना है कि अभी तक उनके पास कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है। पुलिस उपाधीक्षक शहर-2 हरसिमरन सिंह बल के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद ही मामले की जांच कर उचित कारर्वाई की जाएगी। फिलहाल इस ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन सोशल मीडिया पर इसके वायरल होने से अभिनेता एवं गायक ग्रेवाल की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।