
नारी डेस्क: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी UP Board ने 12वीं कक्षा का रिजल्ट 2026 घोषित कर दिया है। हर साल की तरह इस बार भी छात्राओं का प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने टॉप रैंक पर कब्जा जमाया। स्टूडेंट्स ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उनके बेहतरीन परिणाम न सिर्फ परिवार के लिए गर्व का विषय हैं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा भी हैं। इस उपलब्धि ने यह भी दिखा दिया कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर नई मिसाल कायम कर रही हैं।
सीतापुर की शिखा वर्मा बनीं टॉपर
इस साल इंटरमीडिएट परीक्षा में सीतापुर की शिखा वर्मा ने पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने 97.60% अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में टॉप किया। दूसरे स्थान पर नंदनी वर्मा और श्रेया वर्मा रहीं, जिन्होंने 97.20% अंक हासिल किए। वहीं तीसरे स्थान पर सुरभि यादव और पूजा पाल ने 97.00% अंकों के साथ संयुक्त रूप से जगह बनाई।
लड़कियों का दबदबा बरकरार
इस साल भी टॉपर्स लिस्ट में छात्राओं का दबदबा साफ दिखाई दिया। लगातार कई वर्षों से लड़कियां बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और इस बार भी उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया। UP Board ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए रिजल्ट जारी करने के साथ ही आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक एक्टिव कर दिया है। छात्र अपने रोल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी भरकर आसानी से अपना परिणाम देख सकते हैं। रिजल्ट देखने के बाद प्रोविजनल मार्कशीट का प्रिंट आउट या पीडीएफ जरूर सेव कर लें, क्योंकि ओरिजिनल मार्कशीट कुछ समय बाद स्कूल से मिलेगी।
पिछले साल के टॉपर्स पर एक नजर
पिछले साल भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था। प्रयागराज की महक जायसवाल ने 97.20% अंकों के साथ टॉप किया था। दूसरे स्थान पर अमरोहा की साक्षी और सुल्तानपुर के आदर्श यादव रहे, जबकि तीसरे स्थान पर शिवानी सिंह, अनुष्का सिंह और मोहिनी ने जगह बनाई थी।

परीक्षा और छात्रों की संख्या
इस साल UP Board की 12वीं परीक्षा में 24 लाख से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया। परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। अब रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों के अगले कदम चाहे वह कॉलेज एडमिशन हो या करियर की योजना की दिशा तय होगी।