
नारी डेस्क: लड़कियों ने एक बार फिर कमाल कर दिया हैं। फिर चाहे पढ़ाई हो या किसी और क्षेत्र की बात, हर जगह उनका शानदार प्रदर्शन सबका ध्यान खींच रहा है। इस बार भी CBSE 10वीं के रिजल्ट में उन्होंने शानदार नतीजे देकर साबित कर दिया कि लड़कियां किसी से कम नहीं। मेहनत और लगन के मामले में वे किसी से कम नहीं हैं। बता दे की इस बार बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, कुल पास प्रतिशत 93.70% रहा, जो पिछले साल के मुकाबले थोड़ा बेहतर है। इस बार करीब 25 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 23,16,008 छात्र सफल घोषित किए गए हैं।
लड़कियों का प्रदर्शन फिर रहा बेहतर
रिजल्ट में एक बार फिर लड़कियों ने बाजी मारी है। इस साल 94.99% लड़कियां परीक्षा में सफल रहीं, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 92.6% रहा। यानी पढ़ाई के नतीजों में लड़कियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर बना हुआ है।

टॉपर्स की लिस्ट नहीं हुई जारी
सीबीएसई ने इस बार भी टॉपर्स की कोई सूची जारी नहीं की है। बोर्ड का कहना है कि इससे छात्रों के बीच अनावश्यक प्रतिस्पर्धा बढ़ती है। इसके बजाय केवल टॉप 0.1% छात्रों को मेरिट सर्टिफिकेट दिया जाएगा, ताकि मेहनत करने वाले छात्रों को सम्मान मिल सके।
रिजल्ट जल्दी जारी होने से बढ़ी सराहना
इस साल 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च के बीच हुई थीं और बोर्ड ने सिर्फ 23 दिनों के भीतर परिणाम जारी कर दिया। पिछले साल की तुलना में यह प्रक्रिया काफी तेज रही, जिससे छात्रों और अभिभावकों में संतोष देखा गया। रिजल्ट में अलग-अलग क्षेत्रों का प्रदर्शन भी दिलचस्प रहा। त्रिवेंद्रम और विजयवाड़ा ने सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए 99.79% पास प्रतिशत हासिल किया और टॉप पर रहे। दूसरी ओर गुवाहाटी का रिजल्ट 85.32% रहा, जो सबसे कम रहा। दिल्ली ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, जहां पश्चिम दिल्ली का रिजल्ट 97.45% और पूर्व दिल्ली का 97.33% रहा। नोएडा का पास प्रतिशत इस बार 87.66% दर्ज किया गया।

कुल मिलाकर इस साल का सीबीएसई 10वीं रिजल्ट लड़कियों के बेहतर प्रदर्शन, तेज रिजल्ट प्रक्रिया और कुछ क्षेत्रों के शानदार प्रदर्शन के कारण चर्चा में रहा।