नारी डेस्क : मुंह में लाल-सफेद छाले (Mouth Ulcers) किसी के लिए भी परेशानी बन सकते हैं। ये दर्दनाक होते हैं, खाने-पीने में दिक्कत पैदा करते हैं और कई बार बार-बार निकलने लगते हैं। हालांकि ज्यादातर मामलों में छाले अपने आप ठीक हो जाते हैं, लेकिन कुछ घरेलू नुस्खे इसे तेजी से ठीक करने में मदद कर सकते हैं।
छालों के होने के कारण
मुंह में छाले कई कारणों से निकल सकते हैं। इनमें हार्मोनल बदलाव, पेट की खराबी, कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता, दांत या मुंह में चोट, तीखा या एसिडिक खाना, एलर्जी और पोषक तत्वों की कमी शामिल हैं। साथ ही, खराब ओरल हाइजीन रखने वाले लोगों में यह समस्या अधिक देखने को मिलती है।

घरेलू नुस्खों से मिले राहत
विशेषज्ञों के अनुसार, मुंह के छालों को कम करने और दर्द से राहत पाने के लिए घर में मौजूद कुछ चीजें बेहद असरदार साबित होती हैं।
नारियल का तेल (Coconut Oil): नारियल का तेल छालों पर लगाने से दर्द में राहत मिलती है और छाले जल्दी ठीक होने लगते हैं। इसे प्रभावित हिस्से पर थोड़ी मात्रा में लगाकर कुछ मिनट रहने दें, फिर जरूरत पड़ने पर हल्के पानी से धो सकते हैं। नारियल के तेल के एंटीबैक्टीरियल गुण छालों को जल्दी ठीक करने में मदद करते हैं।
शहद (Honey): एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर शहद को सीधे छाले पर लगाने से जल्दी आराम मिलता है। इसे छाले पर कुछ मिनट के लिए लगाया जाए और फिर हल्के पानी से धो दें। शहद न केवल दर्द को कम करता है बल्कि छाले जल्दी ठीक होने में भी मदद करता है।

नमक का पानी (Salt Water): हल्के गर्म पानी में नमक मिलाकर कुल्ला करने से मुंह में सूजन कम होती है और बैक्टीरिया भी हट जाते हैं। दिन में 2-3 बार इस पानी से कुल्ला करने की सलाह दी जाती है, जिससे छालों का दर्द और जलन जल्दी कम होती है।
हल्दी का पेस्ट (Turmeric Paste): हल्दी में मौजूद एंटीमाइक्रोबियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मुंह के छालों को जल्दी ठीक करने में मदद करते हैं। इसके लिए एक चम्मच हल्दी में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट तैयार करें और इसे सीधे छाले पर लगाएं। कुछ मिनटों के बाद धो दें।

सेब का सिरका (Apple Cider Vinegar): मुंह के छालों से राहत पाने के लिए सेब का सिरका बहुत मददगार है। इसके लिए एक गिलास पानी में 2 चम्मच सेब का सिरका मिलाकर कुल्ला करें। इसे दिन में 3-4 बार दोहराने से छाले जल्दी ठीक होने लगते हैं और दर्द में राहत मिलती है।
डॉक्टरों का कहना है कि घरेलू उपायों के साथ-साथ पर्याप्त पानी पीना, संतुलित आहार लेना और मुंह की सफाई रखना बेहद जरूरी है। यदि छाले लंबे समय तक बने रहें या बार-बार हों, तो डॉक्टर से सलाह लेना भी जरूरी है।