
नारी डेस्क: पिछले एक साल से सोने की कीमतों में उतार- चढ़ाव देखने को मिल रहा है। खासकर जनवरी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पद संभालने के बाद से। आज दिन की शुरुआत में सोने और चांदी के दाम तेजी से बढ़ें। लगातार तीन दिन के भारी नुकसान के बाद साेने और चांदी के दामों ने फिर छलांग लगाई, क्योंकि MCX पर कम कीमतों पर खरीदारी फिर से शुरू हो गई और कीमती धातुओं की कीमतों को एक मज़बूत सहारा मिला।
फिर बढ़े चांदी के दाम
मंगलवार 3 फरवरी को सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। दोपहर 12 बजे मार्च डिलीवरी वाली चांदी 20,639 रुपये के उछाल के साथ 2,56,900 रुपये/किलो के पार पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 7,300 रुपये चढ़ गया। 2 अप्रैल को डिलीवरी वाले सोने का भाव 1,51,290 रुपये/10 ग्राम के पार पहुंच गया था। आज 24 कैरेट सोने का भाव 1,51,750 रुपये/10 ग्राम के करीब चल रहा है, जो कि पिछले भाव से 142 रुपये कम हैं।
सोने में भी देखी गई बढ़त
इससे पहले चांदी 4.20 लाख/किलो के अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 2 लाख रुपये तक टूट के कगार पर पहुंच गई थी, जबकि सोना भी 1.93 लाख रुपये/10 ग्राम से गिर कर 1.43 लाख रुपये के करीब आ गया था। पिछले कुछ सेशन में भारी गिरावट के बाद 3 फरवरी को सोने और चांदी के एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में 10% तक की तेज़ी आई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट के बाद फिर से तेज़ी आई।
सरकार ने किए कुछ बदलाव
सरकार ने भारत आने वाले यात्रियों के लिए बैगेज नियमों में बदलाव किए हैं, जिसमें सोने के गहनों सहित कई सामानों पर ड्यूटी-फ्री छूट बढ़ा दी गई है। बैगेज नियम, 2026, जो 2 फरवरी से लागू हुए हैं, हवाई या समुद्री रास्ते से आने वाले ज़्यादातर यात्रियों को कस्टम ड्यूटी दिए बिना ज़्यादा कीमत का पर्सनल सामान लाने की इजाज़त देते हैं। भारत का निवासी, भारतीय मूल का टूरिस्ट, या टूरिस्ट वीज़ा के अलावा वैलिड वीज़ा वाला कोई भी विदेशी नागरिक 75,000 रुपये तक का सामान ड्यूटी-फ्री ला सकता है। पहले यह लिमिट 50,000 रुपये थी।