
भारतीय घर में हर दिन झाड़ू से साफ-सफाई की जाती है, ये तो सामान्य बात है लेकिन क्या आपको पता है कि झाडू से जुड़े नियम भी हैं जिसका अगर सही तरीके से पालन ना किया जाए तो मां लक्ष्मी नाराज हो जाती हैं, आप कंगाल भी हो सकते हैं। तो चलिए आपको बताते हैं झाड़ू लगाने के समय, रखने का स्थान और तरीके के बारे में विस्तार से....

इस वक्त न लगाएं झाड़ू
वास्तु शास्त्र के नियमों के मुताबिक अगर कोई व्यक्ति घर से बाहर जा रहा हो तो उस वक्त भूलकर भी झाड़ू नहीं लगानी चाहिए। ऐसा करना शिष्टाचार और वास्तु नियमों, दोनों के लिहाज से गलत माना जाता है। कहते हैं कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी का अपमान होता है और साथ ही घर से बाहर निकल रहे व्यक्ति के कपड़े गंदे होने से उसका मूड बिगड़ जाता है, जिससे उसका बनता हुआ काम बिगड़ जाता है।
खाना खाते वक्त न करें ये काम
वास्तु के नियमों के मुताबिक अगर कोई खाना बना रहा हो या खा रहा हो तो भी झाड़ू नहीं लगानी चाहिए। ऐसा करने से धूल के कण खाने में गिर सकते हैं। इस तरह का आचरण शिष्टाचार के खिलाफ माना जाता है और इससे मां अन्नपूर्णा का अपमान होता है।

नहाकर निकले व्यक्ति के सामने ना लगाएं झाड़ू
अगर कोई व्यक्ति नहाकर निकले तो उस समय भी झाड़ू लगाने से बचना चाहिए। इसका खामियाजा जीवन में संकटों के रूप में भुगतना पड़ता है।
इस जगह पर भूलकर भी ना रखें कूड़ा
वास्तु शास्त्र के हिसाब से झाड़ू लगाने के बाद निकले कूड़े को कभी भी उसे घर के दरवाजे के पास नहीं रखना चाहिए और न ही वहां डस्टबिन रखनी चाहिए। माना जाता है कि मुख्य द्वार के जरिए लक्ष्मी और देवी-देवताओं का घर में आगमन होता है। ऐसे में अगर हम मुख्य द्वार पर ही कूड़े का ढेर लगाते हैं तो इससे देवी-देवता क्रोधित हो जाते हैं। इससे परिवार पर आर्थिक संकट भी घिर जाता है।
