
नारी डेस्क : कई बार शरीर में दिखाई देने वाले छोटे-छोटे लक्षण किसी बड़ी बीमारी की ओर इशारा करते हैं, लेकिन हम उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। जब शरीर बार-बार कोई संकेत दे रहा हो, तो उसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। अगर आपको अक्सर प्यास लगती रहती है या गला बार-बार सूख जाता है, तो यह सिर्फ पानी की कमी नहीं बल्कि किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे लक्षण कभी-कभी डायबिटीज जैसी साइलेंट किलर बीमारी की ओर इशारा कर सकते हैं।
डायबिटीज का संकेत हो सकता है
ज्यादातर लोग बार-बार प्यास लगने को शरीर में पानी की कमी समझ लेते हैं। हालांकि यह जरूरी नहीं कि इसका कारण केवल डिहाइड्रेशन ही हो। लगातार प्यास लगना डायबिटीज (मधुमेह) का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। खराब लाइफस्टाइल, ज्यादा शुगर वाला खान-पान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण डायबिटीज का खतरा तेजी से बढ़ रहा है।

जानें इसके पीछे की वजह
जब शरीर में ब्लड शुगर का स्तर बढ़ जाता है, तो किडनी को अतिरिक्त शुगर को बाहर निकालने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसके कारण बार-बार पेशाब आने लगता है। बार-बार पेशाब आने से शरीर में पानी की कमी होने लगती है, जिससे प्यास ज्यादा लगती है और मुंह या गला सूखने की समस्या होने लगती है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी होता है, ताकि समय रहते बीमारी का पता लगाया जा सके।

इन लक्षणों को भी न करें नजरअंदाज
डायबिटीज के दौरान शरीर में कई और संकेत भी दिखाई दे सकते हैं। जैसे हर समय भूख लगना, अचानक वजन कम होना, लगातार थकान और कमजोरी महसूस होना। इसके अलावा कई लोगों को धुंधला दिखाई देने यानी ब्लर विजन की समस्या भी हो सकती है। अगर एक साथ इस तरह के कई लक्षण दिखाई दें, तो यह डायबिटीज का संकेत हो सकता है और तुरंत मेडिकल जांच करवाना जरूरी हो जाता है।

समय पर कराएं Test
विशेषज्ञों के अनुसार, डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है जिसे समय रहते नियंत्रित किया जा सकता है। इसके लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त पानी पीना और समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच कराना बेहद जरूरी है। अगर शरीर बार-बार ऐसे संकेत दे रहा है, तो उसे नजरअंदाज करने की बजाय तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होता है।