
नारी डेस्क: भारतीय मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की मंगलवार शाम को कनाडा के लासेल शहर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। ग्रेवाल जो पंजाब के लुधियाना के नारंग गांव की रहने वाली थीं, पर कथित तौर पर अज्ञात हमलावरों ने एक घर के बाहर हमला किया। नैन्सी की मां शिंदर पाल ग्रेवाल ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी बेटी के पेट में 18 बार चाकू घोंपा और दावा किया कि हत्या पहले हुए झगड़े की वजह से हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान उनकी बेटी की जीभ काट दी गई थी।

परिवार के अनुसार, ग्रेवाल एक मरीज़ से मिलने लासेल गई थीं। शाम को जैसे ही वह घर से बाहर निकलीं, कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया गया और उन्हें मार दिया गया। उनकी मां ने दावा किया कि हमलावरों ने ऐसी जगह पर हमला करने की योजना बनाई थी जहां कोई CCTV कैमरा नहीं था। शिंदर पाल ग्रेवाल ने कहा कि उनकी बेटी को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिली थीं और लगभग दो महीने पहले उसके घर में आग लगा दी गई थी। उन्होंने कहा कि इस घटना के बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

नैन्सी की मां ने आगे आरोप लगाया कि उनकी बेटी का काउंटी रोड पर मौजूद एक गुरुद्वारे से जुड़े कुछ लोगों के साथ झगड़ा चल रहा था। इन्फ्लुएंसर ने गुरुद्वारे से कथित तौर पर राशन चोरी होने की चिंता जताई थी और वहां कैमरे लगाने में मदद की थी। उसकी मां ने कहा- "वह सच के साथ खड़ी रही और दबाव के बावजूद माफी मांगने से इनकार कर दियाऔर बाद में अनबन दुश्मनी में बदल गई" । नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर एक्टिव थीं और अक्सर ऑनलाइन उन पर किए गए बुरे कमेंट्स का जवाब देती थी।

हालांकि, उन्होंने पिछले तीन महीनों से कोई वीडियो पोस्ट नहीं किया था क्योंकि वह अपने काम पर ध्यान दे रही थीं। परिवार ने कहा कि ग्रेवाल एक नर्स के तौर पर काम करती थीं, अक्सर दिन में 16 घंटे तक की शिफ्ट में काम करती थीं। शिंदर पाल ग्रेवाल ने यह भी दावा किया कि जब भी उनकी बेटी को धमकी भरे मैसेज या नोट मिलते थे, तो वह तुरंत पुलिस को बताती थीं, लेकिन कोई असरदार कार्रवाई नहीं की गई। नैन्सी ग्रेवाल 45 साल की थीं और तलाक के बाद उन्होंने दोबारा शादी नहीं की थी। उनकी बॉडी कनाडा के एक मॉर्चरी में रखी है, और उनकी माँ ने कहा कि वह अपनी बेटी को देखने के लिए वहां जाने का प्लान बना रही हैं।