
नारी डेस्क : उत्तराखंड में शुक्रवार सुबह भूकंप के हल्के झटकों से धरती कांप उठी। बागेश्वर जिले में सुबह-सुबह आए झटकों से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल आए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 मापी गई। झटके सुबह करीब 7:48 बजे महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र 30.05 उत्तरी अक्षांश और 80.05 पूर्वी देशांतर पर स्थित था, जबकि इसकी गहराई जमीन से लगभग 10 किलोमीटर बताई जा रही है।
भूकंप के बाद प्रशासन सतर्क, हालात पर रखी जा रही नजर
भूकंप के झटके महसूस होते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि पूरे जिले की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और स्थानीय अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन की टीमें तैयार रखी गई हैं।
लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से घबराने की जरूरत नहीं होने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की असामान्य स्थिति या नुकसान की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य
जिले की विभिन्न तहसीलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप के झटके हल्के थे और कहीं से भी किसी प्रकार के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
एहतियातन प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने की बात कही है।