
नारी डेस्क : गर्मी के मौसम में पसीना आना आम बात है, लेकिन इससे आने वाली बदबू कई बार परेशानी का कारण बन जाती है। दरअसल, पसीना खुद बदबूदार नहीं होता, बल्कि जब त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया इसके संपर्क में आते हैं, तब दुर्गंध पैदा होती है। इसके अलावा शरीर में पानी की कमी, साफ-सफाई की अनदेखी, गलत कपड़े पहनना और हार्मोनल बदलाव भी इस समस्या को बढ़ा सकते हैं। ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।
पसीने की बदबू दूर करने के आसान उपाय
सेंधा नमक से नहाएं
नहाने के पानी में थोड़ा सा सेंधा नमक मिलाकर स्नान करें। यह बैक्टीरिया को कम करता है और त्वचा को साफ रखने में मदद करता है। साथ ही दाने और हल्की सूजन भी कम होती है।

फिटकरी का इस्तेमाल करें
फिटकरी एक असरदार घरेलू उपाय है। इसे पानी में मिलाकर नहाने से या हल्की गीली फिटकरी को बगल में लगाने से पसीने की बदबू कम होती है और बैक्टीरिया पनपने से रुकते हैं।
नींबू और बेकिंग सोडा
नहाने के बाद एक मग पानी में नींबू का रस और चुटकी भर बेकिंग सोडा मिलाकर शरीर पर डालें। इससे त्वचा फ्रेश रहती है और बदबू कम होती है।

नीलगिरी तेल का उपयोग
नीलगिरी तेल में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं। नहाने के पानी में इसकी कुछ बूंदें मिलाने से शरीर में ताजगी बनी रहती है और दुर्गंध दूर होती है।
सही कपड़े पहनें
गर्मी में कॉटन, लिनन, खादी और रेयॉन जैसे कपड़े पहनें। ये पसीना सोख लेते हैं और त्वचा को सांस लेने देते हैं, जिससे बदबू कम होती है।

इन बातों का रखें खास ध्यान
दिनभर पर्याप्त पानी पिएं
विटामिन C से भरपूर फल खाएं
रोजाना स्नान करें और शरीर को साफ रखें
कपड़ों को साफ और सैनिटाइज रखें
बगल और पैरों की सफाई पर विशेष ध्यान दें।