16 APRTHURSDAY2026 9:41:24 PM
Life Style

भीषण गर्मी के कारण गर्मियों की छुट्टियां का ऐलान, इस तारीख से बंद हो जाएंगे स्कूल

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 16 Apr, 2026 08:04 PM
भीषण गर्मी के कारण गर्मियों की छुट्टियां का ऐलान, इस तारीख से बंद हो जाएंगे स्कूल

नारी डेस्क: छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने 20 अप्रैल से 15 जून तक स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है।  अधिकारियों ने बताया कि राज्य में भीषण गर्मी के बीच बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि में आंशिक संशोधन किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी कर कहा कि पहले एक मई से 15 जून तक घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश में संशोधन करते हुए अब 20 अप्रैल से 15 जून तक गर्मी की छुट्टियां घोषित की गई हैं। 
 

यह भी पढ़ें: पूजा के दौरान गलती से भी ना करना ये गलतियां
 

विभाग के मुताबिक, यह आदेश छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर-अनुदान प्राप्त और अशासकीय स्कूलों पर लागू होगा। मुख्यमंत्री साय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा- "प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के मद्देनजर हमारी सरकार ने स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश को पूर्व निर्धारित तिथि से पहले लागू करते हुए अब 20 अप्रैल से 15 जून तक छुट्टियां घोषित की हैं।" 
 

यह भी पढ़ें:  हर 5 में से 1 भारतीय को बिना शराब पिए है फैटी लिवर
 

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बृहस्पतिवार को बताया कि 16 अप्रैल से 19 अप्रैल के बीच बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में लू की स्थिति बनी रहने की आशंका है। केंद्र के अनुसार, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। उसने बताया कि राजनांदगांव बृहस्पतिवार को 43 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

Related News