
नारी डेस्क: अब दिनों दिन गर्मी बढ़ती जा रही है। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में अगर कुछ ठंडा-ठंडा मिल जाए तो राहत मिल जाती है। ऐसे में, फ्रिज का ठंडा पानी पीने से गला तो तर हो जाता है, लेकिन शरीर की अंदरूनी गर्मी शांत नहीं होती। अंदरूनी गर्मी को शांत करने के लिए कुछ नेचुरल और हेल्दी ड्रिंक ही पीनी चाहिए। इसके लिए सबसे बेस्ट पुदीने का शरबत है। पुदीने का शरबत गर्मियों के लिए एक बेहद ताज़ा और स्वास्थ्यवर्धक ड्रिंक है, जो पेट को ठंडक प्रदान करता है। यह पाचन में सुधार करता है, शरीर को हाइड्रेटेड रखता है और लू से बचाता है। अगर आप भी इस गर्मी में ठंडक महसूस करना चाहते है तो हर रोज पुदीने का शरबत बनाकर पिएं। तो चलिए जानते है घर पर पुदीना का शरबत बनाने का आसान तरीका...

पुदीना शरबत बनाने के लिए जरूरी सामग्री
घर पर पुदीना का शरबत बनाने के लिए एक कप ताजा पुदीना पत्तियां (धोकर) लें, 2 बड़े चम्मच नींबू का रस, स्वादानुसार चीनी या गुड़ (शहद भी इस्तेमाल कर सकते हैं), आधा चम्मच काला नमक, आधा चम्मच भुना जीरा पाउडर और ठंडा पानी और बर्फ के टुकड़े लें।

पुदीना शरबत बनाने का तरीका
पुदीना का शरबत बनाने के लिए सबसे पहले मिक्सर में पुदीना पत्तियां, चीनी, काला नमक और भुना जीरा डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और अच्छी तरह पीस लें।इसके बाद इस मिश्रण को एक जग में निकाल लें और इसमें नींबू का रस डालें। अब इसमें जरूरत के अनुसार ठंडा पानी मिलाकर अच्छी तरह घोल लें। अगर आप चाहें तो इसे छान भी सकते हैं। तैयार शरबत को गिलास में डालें, बर्फ के टुकड़े डालें और ऊपर से पुदीने की पत्ती से सजाकर सर्व करें। अगर आप इसे ज्यादा हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो चीनी की जगह मिश्री का इस्तेमाल करें। मिश्री की तासीर ठंडी होती है, जो गर्मी से होने वाली परेशानियों में राहत देती है।