
नारी डेस्क : गर्मी के मौसम में लोग अक्सर हल्के और आरामदायक फुटवियर पहनना पसंद करते हैं, लेकिन हर चप्पल या सैंडल पैरों के लिए सही नहीं होती। डॉक्टरों के अनुसार गलत फुटवियर पहनने से पैरों में दर्द, फिसलने, संतुलन बिगड़ने और चोट लगने का खतरा बढ़ सकता है। खासकर अगर आप लंबे समय तक बाहर रहते हैं, ज्यादा चलते हैं या यात्रा करते हैं, तो सही जूते चुनना बेहद जरूरी हो जाता है।
गर्मियों में क्यों बढ़ जाता है खतरा?
गर्मी में पैरों में पसीना ज्यादा आता है, जिससे फुटवियर के अंदर नमी बढ़ जाती है। अगर जूतों का सोल फिसलन वाला हो या उनमें पैरों को सही सपोर्ट न मिले, तो गिरने या टखना मुड़ने की संभावना बढ़ सकती है। मॉल, ऑफिस, सीढ़ियों और पूल जैसी जगहों पर यह जोखिम और ज्यादा हो जाता है।

बिना सपोर्ट वाले फुटवियर से होने वाली समस्याएं
बहुत पतले सोल वाली चप्पलें या फ्लैट सैंडल पैरों के आर्च और एड़ी पर अतिरिक्त दबाव डालती हैं।
इससे कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं
जैसे, एड़ी में दर्द और पैरों में सूजन
घुटनों में खिंचाव और कमर दर्द होना।
लंबे समय तक चलने में परेशानी होना।
अगर किसी को फ्लैट फीट, जोड़ों का दर्द या ऑर्थोपेडिक समस्या है, तो गलत फुटवियर उनकी तकलीफ और बढ़ा सकता है।
ज्यादा टाइट जूते भी हैं नुकसानदायक
गर्मी में पैरों में हल्की सूजन आना सामान्य है। ऐसे में बहुत टाइट जूते पहनने से छाले, स्किन में रगड़ और नाखूनों पर दबाव की समस्या हो सकती है। इससे चलना-फिरना मुश्किल हो सकता है और पैरों में दर्द बढ़ सकता है।

गर्मियों में कैसे चुनें सही फुटवियर?
डॉक्टरों के अनुसार गर्मियों में फुटवियर चुनते समय कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए
जूते हल्के और आरामदायक हों
पैरों को अच्छा सपोर्ट मिले
फुटवियर में हवा आने-जाने की जगह हो
सोल की पकड़ मजबूत हो
सही साइज का चुनाव करें
लंबे समय तक चलने के लिए कुशन वाले जूते पहनें
फैशन नहीं, जो आराम दें वह पहने।
कई लोग केवल स्टाइल देखकर फुटवियर खरीद लेते हैं, लेकिन गर्मियों में आराम और सुरक्षा ज्यादा जरूरी होती है। सही फुटवियर न सिर्फ पैरों को आराम देता है, बल्कि चोट और दर्द के खतरे को भी कम करता है। इसलिए हमेशा अच्छी क्वालिटी और सही फिटिंग वाले जूते ही चुनें।