
नारी डेस्क : बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में वह करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण 9’ में वरुण धवन के साथ नजर आईं। शो के दौरान जाह्नवी ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई किस्से साझा किए। इसी बीच उन्होंने राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ को लेकर हुए विवाद पर भी खुलकर बात की। एक्ट्रेस ने माना कि इस मामले में उनसे कुछ गलतियां हुईं और उन्हें इस बात का पछतावा है। उन्होंने यह भी बताया कि विवाद के दौरान करण जौहर और वरुण धवन ने उनका काफी साथ दिया।
करण जौहर ने जाह्नवी से पूछा सवाल
‘कॉफी विद करण 9’ के लेटेस्ट एपिसोड में करण जौहर ने जाह्नवी कपूर से सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग और ‘पेद्दी’ विवाद के बारे में बात की। करण ने कहा कि पिछले एक-दो साल में जाह्नवी को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है और ऐसी स्थिति को संभालने के लिए हिम्मत की जरूरत होती है। इसके बाद उन्होंने जाह्नवी से पूछा कि इस पूरे विवाद का उन पर क्या असर पड़ा।

मैंने खुद को बहुत कोसा
करण जौहर के सवाल का जवाब देते हुए जाह्नवी ने कहा कि वह इस विवाद पर बात करने में काफी झिझक रही थीं, लेकिन करण हमेशा उनके साथ खड़े रहे। एक्ट्रेस ने माना कि उन्हें इस मामले में ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी हुआ, उसकी जिम्मेदारी वह खुद भी लेती हैं और इसके लिए उन्होंने खुद को बहुत कोसा। जाह्नवी के मुताबिक, इस तरह के किरदारों के जरिए महिलाओं की छवि नकारात्मक रूप में पेश हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस विवाद से जुड़ी शर्मिंदगी को वह हमेशा याद रखेंगी।
शूटिंग के दौरान अपनी बात खुलकर नहीं रख पाने का पछतावा
जाह्नवी ने आगे बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान जब भी उन्हें किसी तरह की परेशानी हुई, उन्होंने आवाज उठाई थी। हालांकि, अब उन्हें लगता है कि उन्हें अपनी बात और स्पष्टता के साथ रखनी चाहिए थी। एक्ट्रेस ने कहा कि कलाकार अक्सर अपने निर्देशक की बात मानने और प्रोफेशनल बने रहने की कोशिश करते हैं। उन्होंने भी उस समय यही किया, लेकिन निर्देशक के सामने अपनी बात पूरी तरह खुलकर नहीं रख पाईं। जाह्नवी ने इस बात पर पछतावा जताते हुए कहा कि भविष्य में वह ऐसी परिस्थितियों में ज्यादा सतर्क रहेंगी और अपनी बात स्पष्ट रूप से रखेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस पूरे विवाद के दौरान करण जौहर और वरुण धवन ने उनका साथ दिया।

क्या था ‘पेद्दी’ विवाद?
राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ में जाह्नवी कपूर के लुक को लेकर विवाद हुआ था। फिल्म में उनके लुक और कुछ दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद फिल्म को लेकर आलोचनाएं तेज हो गईं। विवाद के बीच निर्देशक बुच्ची बाबू सना को जाह्नवी के कुछ दृश्यों में बदलाव या कटौती करनी पड़ी। इस मामले को लेकर जाह्नवी कपूर को भी सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। अब शो में अपनी बात रखते हुए एक्ट्रेस ने माना कि उन्हें इस पूरे मामले में और सावधानी बरतनी चाहिए थी।