नारी डेस्क: नीता अंबानी का साड़ी पहनने का अंदाज हमेशा से खास रहा है। बड़े से बड़े इवेंट और खास मौकों पर वह अक्सर ऐसी साड़ियों में नजर आती हैं, जिनकी खूबसूरती देखते ही बनती है। उनके कलेक्शन में सिर्फ महंगी और डिजाइनर साड़ियां ही नहीं, बल्कि भारत की पारंपरिक हैंडलूम कला की भी शानदार झलक देखने को मिलती है। कांजीवरम से लेकर बनारसी, पटोला, घरचोला और जामदानी तक, उनके पास एक से बढ़कर एक खूबसूरत साड़ियां हैं। खास बात यह है कि इनमें से कई साड़ियों को तैयार करने में कारीगरों को महीनों लग जाते हैं। कहीं असली सोने की जरी का काम है, तो कहीं हाथ से की गई बारीक कारीगरी। आइए देखते हैं नीता अंबानी की कुछ ऐसी ही रॉयल हैंडलूम साड़ियां, जो भारतीय बुनाई और कारीगरों की मेहनत की मिसाल हैं।
असली सोने की जरी वाली कांजीवरम साड़ी
नीता अंबानी की आइवरी और गोल्डन रंग की कांजीवरम साड़ी बेहद खूबसूरत है। इस साड़ी को दक्षिण भारत के ऐतिहासिक शहर कांचीपुरम में बुना गया है। इसका क्लासिक चेक पैटर्न इसे खास बनाता है। वहीं, इस पर बने मोर और रुद्राक्ष के मोटिफ इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं। मास्टर कारीगर आर. वरधन ने इसे असली सोने की जरी से तैयार किया है। इस साड़ी को पूरा करने में तीन से चार महीने से भी ज्यादा का समय लगा। इसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हाथ से बुनाई करने वाले कारीगर कितनी मेहनत और बारीकी से अपना काम करते हैं।

रॉयल पर्पल बनारसी साड़ी
बैंगनी रंग की बनारसी साड़ी में भी नीता अंबानी का अंदाज बेहद शाही नजर आता है। इस हैंडलूम साड़ी को वाराणसी में शुद्ध भारतीय मलबरी सिल्क से हाथ से तैयार किया गया है। इसमें असली जरी से बने फूलों का बारीक डिजाइन है, जिसे 'जंगला जाल' कहा जाता है। तीन रंगों की मीनाकारी इस साड़ी के डिजाइन को और खूबसूरत बनाती है। इसके गुलदस्ता बॉर्डर और शानदार ब्रोकेड पल्लू की वजह से साड़ी को एक खास रॉयल लुक मिलता है।
TIME100 गाला में पहनी बनारसी साड़ी
न्यूयॉर्क में आयोजित TIME100 गाला के दौरान भी नीता अंबानी ने भारतीय हैंडलूम की खूबसूरती को दुनिया के सामने पेश किया था। इस खास मौके पर उन्होंने एक खूबसूरत बनारसी साड़ी पहनी थी। इसके साथ हाथ से तैयार किया गया ब्लाउज उनके लुक को और खास बना रहा था। उनकी साड़ी से लेकर ज्वेलरी तक हर चीज में पारंपरिक भारतीय कला की झलक दिखाई दे रही थी। सादगी के साथ रॉयल अंदाज पेश करने वाली यह साड़ी उनके खास कलेक्शन का हिस्सा है।

ये भी पढ़ें: हनी सिंह के भतीजे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, दोस्त ने भी गंवाई जान, सिंगर ने जताया दुख
हाथ से पेंट किए गए तंजौर बॉर्डर वाली कांजीवरम साड़ी
नीता अंबानी की यह रॉयल पर्पल कांजीवरम साड़ी 'स्वदेश' की खास पेशकश है। इसकी खूबसूरती को डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने हाथ से पेंट किए गए तंजौर बॉर्डर और खूबसूरत ब्लाउज के जरिए और बढ़ाया है। सदाबहार सिल्क से बनी इस साड़ी पर तंजौर शैली के शानदार मोटिफ्स देखने को मिलते हैं। इसकी खासियत यह है कि इसमें दक्षिण भारत की दो मशहूर कला परंपराओं का मेल नजर आता है। तंजौर कला, जिसकी शुरुआत मंदिरों की दीवारों और धार्मिक चित्रों से जुड़ी रही है, इस साड़ी के बॉर्डर पर एक अलग अंदाज में दिखाई देती है। इस तरह यह साड़ी सिर्फ एक खूबसूरत पहनावा नहीं, बल्कि भारतीय कला और बुनाई की विरासत को भी दिखाती है।

पांच महीने में तैयार हुई बनारसी ब्रोकेड कडुवा साड़ी
नीता अंबानी की 'स्वदेश' की बनारसी ब्रोकेड कडुवा साड़ी भी अपने खास डिजाइन और बारीक कारीगरी के लिए जानी जाती है। इसे हाथ से बुनने में पांच महीने से ज्यादा का समय लगा। साड़ी के साथ उन्होंने डिजाइनर मनीष मल्होत्रा का तैयार किया हुआ नाजुक लेस वाला ब्लाउज पहना था। उनके इस लुक में साड़ी के साथ एक्सेसरीज भी काफी खास थीं। उन्होंने सोने और रूबी से सजा पारंपरिक भारतीय मंदिर शैली का हाथ से नक्काशी किया हुआ पर्स कैरी किया था। यह पर्स उनके पूरे लुक को एक अलग और कलात्मक अंदाज देता है।
भारतीय हैंडलूम की खूबसूरती को खास जगह देती हैं नीता अंबानी
नीता अंबानी की इन साड़ियों में एक बात साफ नजर आती है कि वह भारतीय पारंपरिक पहनावे और कारीगरों की कला को खास महत्व देती हैं। कांजीवरम की बुनाई हो, बनारसी की जरी या तंजौर की कलाकारी, हर साड़ी में अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति और विरासत की झलक मिलती है। यही वजह है कि उनका साड़ी कलेक्शन सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत की समृद्ध हैंडलूम परंपरा और कारीगरों की मेहनत को भी सामने लाता है।