08 NOVSUNDAY2026 4:19:05 AM
Nari

नीता अंबानी ने NMACC में लॉन्च की 'द लाइब्रेरी', करीना-सैफ से लेकर शाहिद-मीरा तक कई सितारों ने की शिरकत

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 01 Nov, 2026 10:01 AM
नीता अंबानी ने NMACC में लॉन्च की 'द लाइब्रेरी', करीना-सैफ से लेकर शाहिद-मीरा तक कई सितारों ने की शिरकत

 नारी डेस्क: किताबों से प्यार करने वालों के लिए मुंबई में एक नई और खास जगह की शुरुआत हुई है। रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक-अध्यक्ष नीता अंबानी ने 31 अक्टूबर 2026 को नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में 'द लाइब्रेरी' का उद्घाटन किया। इस खास मौके पर बॉलीवुड और मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां पहुंचीं। करीना कपूर-सैफ अली खान से लेकर शाहिद कपूर-मीरा राजपूत तक, कई सितारे इस समारोह का हिस्सा बने। यह लाइब्रेरी 1 नवंबर 2026 से आम लोगों के लिए खोल दी गई है।

'द लाइब्रेरी' को सिर्फ किताबें पढ़ने की जगह के तौर पर नहीं, बल्कि साहित्य, सिनेमा, संस्कृति और बातचीत को एक साथ जोड़ने वाले खास ठिकाने के रूप में तैयार किया गया है। उद्घाटन समारोह की तस्वीरें NMACC ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा कीं। इस दौरान नीता अंबानी के लुक और उनकी खास ज्वेलरी ने भी लोगों का ध्यान खींचा।

नीता अंबानी के ब्रोच ने खींचा सबका ध्यान

लाइब्रेरी के उद्घाटन के मौके पर नीता अंबानी ने 'सोअरिंग स्पिरिट' नाम का बेहद खास ब्रोच पहना था। इसे मशहूर ज्वेलरी आर्टिस्ट वालेस चान ने डिजाइन किया है। ड्रैगनफ्लाई से प्रेरित इस ब्रोच को सपनों, आजादी और असीम संभावनाओं का प्रतीक बताया गया है। इसकी डिजाइन में बदलाव, नई खोज और आश्चर्य की भावना को खूबसूरती से दिखाया गया है। NMACC ने नीता अंबानी की तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि यह ब्रोच इस खास मौके के लिए उनके लुक का अहम हिस्सा था। पोस्ट में 'द लाइब्रेरी' को किताबों, बातचीत और अच्छे खानपान के लिए तैयार की गई जगह बताया गया।

ईशा अंबानी का स्टाइलिश अंदाज भी रहा चर्चा में

इस इवेंट में ईशा अंबानी भी बेहद स्टाइलिश अंदाज में नजर आईं। उन्होंने डेनिम जींस के साथ खूबसूरत ब्रोकेड टॉप पहना था। उनके आउटफिट में ट्रेडिशनल कपड़े और मॉडर्न फैशन का अच्छा मेल देखने को मिला। ईशा ने अपने लुक को ज्यादा एक्सेसरीज से भारी नहीं बनाया। खुले बालों और कम जूलरी के साथ उन्होंने अपने आउटफिट को खास अंदाज में कैरी किया।

ये भी पढ़ें:  संजय गुप्ता अपने पीछे छोड़ गए हंसता-खेलता परिवार, पत्नी से की थी दोबारा शादी

करीना-सैफ और शाहिद-मीरा समेत पहुंचे कई सितारे

'द लाइब्रेरी' के लॉन्च समारोह में बॉलीवुड के कई चर्चित चेहरे शामिल हुए। करीना कपूर अपने पति सैफ अली खान के साथ पहुंचीं, वहीं शाहिद कपूर भी पत्नी मीरा राजपूत के साथ नजर आए। इनके अलावा विक्रांत मैसी, राजकुमार राव, फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी, सोनाली कुलकर्णी और वेदिका पिंटो ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। इस शाम किम शर्मा और सोहा अली खान भी मौजूद रहीं। वहीं काजोल, न्यासा देवगन, मनीष मल्होत्रा, कुशा कपिला, ओरी और फिल्म निर्माता विधु विनोद चोपड़ा समेत कई मेहमानों ने अपनी मौजूदगी से कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई।

नई पीढ़ी में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना है मकसद

'द लाइब्रेरी' की शुरुआत के पीछे नीता अंबानी का मकसद लोगों को किताबों और पढ़ने की दुनिया से दोबारा जोड़ना है। मेहमानों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा, "लाइब्रेरी किताबों, बातचीत और अच्छे खाने की जगह है। हम नई पीढ़ी के बीच किताबों और पढ़ने के आनंद को वापस लाना चाहते हैं।" इस पहल के जरिए ऐसी जगह तैयार करने की कोशिश की गई है, जहां लोग किताबें पढ़ने के साथ विचार साझा कर सकें, बातचीत कर सकें और साहित्य व संस्कृति से जुड़ सकें। इस तरह 'द लाइब्रेरी' को पढ़ने के शौकीनों के लिए एक नए सांस्कृतिक ठिकाने के रूप में पेश किया गया है।  

 

Related News