
नारी डेस्क : मशहूर प्लेबैक सिंगर और टीवी होस्ट रिमी टॉमी की जिंदगी में एक बार फिर प्यार ने दस्तक दी है। पहली शादी टूटने के करीब 6 साल बाद रिमी ने अपनी दूसरी शादी का ऐलान कर फैंस को खुशखबरी दी है। सिंगर ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक खास वीडियो शेयर कर अपने होने वाले जीवनसाथी के नाम से पर्दा उठाया है। रिमी इसी महीने यानी नवंबर 2026 में मुंबई के रहने वाले फिटनेस ट्रेनर लिबिन मैथ्यू के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। उनके इस ऐलान के बाद फैंस और चाहने वाले उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए बधाइयां दे रहे हैं।
यूट्यूब वीडियो शेयर कर किया दूसरी शादी का ऐलान
रिमी टॉमी ने अपने ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर एक खास वीडियो शेयर करके अपनी दूसरी शादी की खबर दी। वीडियो में उन्होंने बताया कि साल 2026 में उनकी जिंदगी में एक ऐसे शख्स की एंट्री हुई, जिसके साथ वह अपना आने वाला जीवन बिताना चाहती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस रिश्ते को लेकर उन्होंने जल्दबाजी नहीं की, बल्कि सोच-समझकर यह फैसला लिया है।

कौन हैं रिमी टॉमी के होने वाले पति लिबिन मैथ्यू?
शुरुआत में रिमी ने अपने होने वाले जीवनसाथी को लेकर सस्पेंस बनाए रखा था, लेकिन 2 नवंबर 2026 को शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने उनके नाम का खुलासा कर दिया। रिमी के होने वाले पति का नाम लिबिन मैथ्यू है। वह मूल रूप से मलयाली हैं और मुंबई में रहते हैं। पेशे से लिबिन फिटनेस ट्रेनर और बॉडीबिल्डर हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से वह रिमी के पर्सनल फिटनेस कोच भी रहे हैं।
न एक्टर, न सिंगर और न ही करोड़पति... रिमी को चाहिए ऐसा जीवनसाथी
वीडियो में रिमी ने अपने होने वाले पति के बारे में बात करते हुए बताया कि उनके लिए पैसा और शोहरत कभी प्राथमिकता नहीं रहे। उन्होंने कहा कि उनका जीवनसाथी न तो कोई एक्टर है, न सिंगर और न ही करोड़पति। रिमी के मुताबिक, उन्हें बस ऐसा साथी चाहिए था जो उनका ख्याल रखे, उन्हें मानसिक सुकून दे और जिंदगी के हर उतार-चढ़ाव में उनके साथ खड़ा रहे।

लिबिन के साथ मिला पसंद का हमसफर
रिमी ने अपने इस नए रिश्ते को भगवान का आशीर्वाद बताया है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से अपनी जिंदगी को अपनी शर्तों पर जीना पसंद करती रही हैं। परिवार का साथ होने के बावजूद उन्हें एक ऐसे हमसफर की तलाश थी, जो उनकी सोच, पसंद और जिंदगी जीने के तरीके को समझ सके। रिमी को लगता है कि लिबिन के साथ उन्हें ऐसा ही साथी मिला है। पहली शादी टूटने के करीब छह साल बाद रिमी टॉमी एक बार फिर नई शुरुआत करने जा रही हैं। सिंगर ने बताया है कि वह और लिबिन मैथ्यू नवंबर 2026 में शादी करेंगे। उनके इस ऐलान के बाद फैंस के बीच भी उत्सुकता बढ़ गई है। अब सभी को रिमी की शादी और उससे जुड़ी रस्मों की तस्वीरों का इंतजार है।