
नारी डेस्क: सोशल मीडिया स्टार ओरी ने अपनी बचपन की दोस्त, बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान के साथ हुए मनमुटाव पर बात की है। उन्होंने बताया कि एक्ट्रेस की कुछ हरकतों से उन्हें दुख पहुंचा है, और उन्होंने अब अपनी दोस्ती के दरवाजे हमेशा के लिए बंद करने का फैसला किया है। हाल ही में ओरी, नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' में नजर आए। वहां उन्होंने सच्ची दोस्ती, एकतरफा सपोर्ट और उन लोगों के बारे में बात की जिन्होंने उन्हें निराश किया।
बातचीत के दौरान, ओरी से पूछा गया कि उन्होंने किस सबसे मशहूर व्यक्ति को ब्लॉक, अनफॉलो या म्यूट किया है। इस पर उन्होंने सारा अली खान और उनकी मां, अमृता सिंह का जिक्र किया। सारा की जिंदगी के एक मुश्किल दौर को याद करते हुए, ओरी ने बताया कि जब सारा कठिन समय से गुजर रही थीं, तब वह उनके साथ खड़े थे। उन्हें लगा था कि उनकी दोस्ती इतनी मजबूत है कि मुश्किल हालात का सामना कर सकेगी। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा- "हम बचपन के दोस्त थे और साथ में कॉलेज भी गए थे। जब सारा एक बहुत बड़े मामले (केस) से गुजर रही थीं, तब हम गोवा में थे और मैं उस पूरे समय उनके साथ था। हर कोई मुझसे कह रहा था कि मैं उन्हें छोड़ दूं, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया।"
ओरी ने अमृता सिंह के साथ अपने अनुभव के बारे में भी बताया। उन्होंने दावा किया कि अमृता सिंह ने उन्हें डांटा था, और इसी घटना की वजह से उन्होंने उन्हें अनफॉलो करने का फैसला लिया। उन्होंने आगे कहा-"अगर मैं अब भी उनके साथ दोस्ती का दिखावा करता हूं, तो इसका मतलब यह होगा कि उनकी मां ने मेरे साथ जो कुछ भी किया, या उन्होंने दूसरों से मेरे बारे में जो कुछ भी कहा, वह सब मुझे मंजूर है और मुझे कभी कोई माफी भी नहीं मिली। इसलिए, मैं उनके साथ दोस्ती नहीं रख सकता।"
उन्होंने बताया कि वह सच्चे रिश्तों को अहमियत देते हैं और ऐसी दोस्ती बनाए रखने में विश्वास नहीं रखते जिसमें ईमानदारी न हो। उन्होंने कहा- "मैं सच्ची दोस्ती की तलाश में रहता हूं। मैं ऐसी दोस्ती नहीं रखना चाहता जो सच्ची न हो। अगर आप चाहते हैं कि मैं नकली बनूं, तो मैं पूरी तरह से नकली हो सकता हूं - बाहर से भी और अंदर से भी।" 'खतरों के खिलाड़ी' में अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए, ओरी ने कहा कि उन्हें इस बात से बहुत दुख हुआ कि जिन्हें वे अपना सबसे अच्छा दोस्त मानते थे, उन्होंने एक स्टोरी तक शेयर नहीं की या कोई पोस्ट लाइक नहीं की, जबकि वे एक ऐसे शो का हिस्सा थे जिसे उन्होंने मानसिक और शारीरिक रूप से बहुत थका देने वाला बताया।