
नारी डेस्क : भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी तेजी से पड़ रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर किसी के लिए तेज धूप और गर्म हवाओं में रहना मुश्किल हो जाता है। गर्मियों में बढ़ता तापमान सिर्फ शरीर को ही नहीं, बल्कि नाक की संवेदनशील नसों को भी प्रभावित करता है। यही वजह है कि इस मौसम में कई लोगों को अचानक नाक से खून आने यानी नकसीर की समस्या होने लगती है। डॉक्टरों के मुताबिक तेज गर्मी, ड्राइनेस और शरीर में पानी की कमी इस परेशानी की सबसे बड़ी वजह मानी जाती है।
क्यों आती है नकसीर?
नाक के अंदर बेहद पतली और संवेदनशील ब्लड वेसल्स होती हैं। गर्म हवा और सूखे वातावरण के कारण नाक के अंदर की स्किन सूखने लगती है।
जिससे नसें कमजोर होकर फट सकती हैं और खून निकलने लगता है।
इसके अलावा ये कारण भी हो सकते हैं
तेज धूप में ज्यादा देर रहना
शरीर में पानी की कमी
लू लगना और बार-बार नाक में उंगली डालना
एलर्जी या साइनस की समस्या।

बच्चों में ज्यादा क्यों होती है दिक्कत
बच्चों की नाक की नसें बेहद नाजुक और संवेदनशील होती हैं, इसलिए गर्मियों में उनमें नकसीर की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। तेज धूप में लंबे समय तक खेलना, शरीर में पानी की कमी होना और बार-बार नाक में उंगली डालने जैसी आदतें नाक के अंदर की पतली नसों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसके कारण नाक की अंदरूनी त्वचा सूख जाती है और हल्की चोट लगने पर भी खून आने लगता है।
क्या हाई बीपी भी हो सकता है कारण?
डॉक्टरों के अनुसार कुछ मामलों में बार-बार नाक से खून आना हाई ब्लड प्रेशर, एलर्जी या किसी अन्य बीमारी का संकेत भी हो सकता है। अगर खून 15-20 मिनट तक बंद न हो या चक्कर और कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

नाक से खून आने पर क्या करें?
अगर अचानक नकसीर शुरू हो जाए, तो ये उपाय मदद कर सकते हैं
घबराएं नहीं व्यक्ति को सीधा बैठाएं
सिर थोड़ा आगे की ओर झुकाएं
नाक को हल्के हाथ से दबाकर रखें
माथे या नाक पर ठंडी पट्टी लगाएं
इससे ब्लड वेसल्स सिकुड़ती हैं और खून रुकने में मदद मिलती है।
नकसीर से बचाव के आसान तरीके
दिनभर पर्याप्त पानी पिएं
धूप में ज्यादा देर तक न रहें
बहुत गर्म हवा से बचें
नाक में ज्यादा ड्राइनेस हो तो नारियल तेल या मॉइस्चराइजिंग जेल लगाएं
बच्चों को बार-बार नाक में उंगली डालने से रोकें

गर्मी में शरीर को हाइड्रेट रखना और धूप से बचाव करना नकसीर की समस्या को काफी हद तक रोक सकता है।