
नारी डेस्क : सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद सिर्फ एक हाई-प्रोफाइल जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने कई जिंदगियों को अंदर तक झकझोर दिया। सालों बाद अब रिया चक्रवर्ती ने उस मुश्किल दौर को याद करते हुए बताया है कि उन्होंने उस समय इंसानों का सबसे बुरा चेहरा देखा। इतना ही नहीं, उनके साथ खड़े रहने वाले लोगों को भी इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी।
विवाद जिसने बदल दी ज़िंदगी
सुशांत सिंह राजपूत ने टीवी से लेकर बॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बनाई थी। लेकिन साल 2020 में उनकी अचानक हुई मौत ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया। इसके बाद शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे मीडिया ट्रायल और सोशल मीडिया जजमेंट में बदल गया। इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा निशाने पर रहीं रिया चक्रवर्ती, जिन्हें लगातार ट्रोलिंग, आरोपों और सार्वजनिक आलोचना का सामना करना पड़ा।

जेल, आरोप और मानसिक टूटन
सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग्स केस में रिया चक्रवर्ती को करीब एक महीने तक जेल में रहना पड़ा। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में रिया ने बताया कि उस दौर ने उन्हें मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि वह समय ऐसा था, जब उन्हें लगा कि इंसानियत कहीं खो गई है और हर कोई बिना सच्चाई जाने फैसला सुना रहा था।
सपोर्ट करने वालों को भी गंवाना पड़ा काम
रिया ने खुलासा किया कि इस पूरे विवाद का असर सिर्फ उन पर ही नहीं पड़ा, बल्कि उन लोगों पर भी पड़ा जो उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने अपनी करीबी दोस्त और एक्ट्रेस शिबानी डांडेकर का नाम लेते हुए बताया कि उन्हें रिया का समर्थन करने की वजह से कई प्रोजेक्ट्स से हाथ धोना पड़ा। रिया के मुताबिक, उस वक्त हालात इतने संवेदनशील थे कि जो भी उनके पक्ष में बोलता, उसे इंडस्ट्री में शक की नजर से देखा जाने लगा था।

कठिन वक्त में असली रिश्तों की पहचान
रिया ने कहा कि इस दौर में उन्हें यह साफ तौर पर समझ आ गया कि मुश्किल समय में कौन वाकई साथ देता है और कौन हालात देखकर दूरी बना लेता है। शिबानी उन चुनिंदा लोगों में से थीं, जिन्होंने बिना डरे उनका साथ दिया, लेकिन इसका खामियाजा उन्हें अपने करियर से चुकाना पड़ा।
7 साल बाद फिल्मों में वापसी
लगातार आरोप, नेगेटिव कवरेज और सोशल मीडिया ट्रोलिंग ने रिया की जिंदगी को एक डरावना अनुभव बना दिया था। हालांकि अब वह उस अंधेरे दौर से बाहर आ चुकी हैं। करीब 7 साल बाद रिया चक्रवर्ती फिल्मों में वापसी कर रही हैं। उन्होंने आखिरी बार साल 2019 में फिल्म ‘चेहरा’ की शूटिंग की थी और अब वह ‘फैमिली बिजनेस’ में नजर आने वाली हैं। रिया का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह दोबारा एक्टिंग में लौट पाएंगी, लेकिन अब उन्हें खुद पर और वक्त पर भरोसा है।