
नारी डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता Sharad Kapoor के खिलाफ दर्ज छेड़छाड़ के मामले ने अब गंभीर कानूनी मोड़ ले लिया है। साल 2024 में एक महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के बावजूद अब तक गिरफ्तारी न होने से नाराज़ पीड़िता ने Bombay High Court का दरवाजा खटखटाया है। महिला ने याचिका दाखिल कर मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच खार पुलिस से हटाकर क्राइम ब्रांच को सौंपी जाए।
क्या हैं आरोप
32 वर्षीय शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि शरद कपूर ने एक प्रोजेक्ट पर चर्चा के बहाने उसे अपने घर बुलाया और वहां उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला का कहना है कि उसने इस संबंध में खार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस निष्पक्ष जांच नहीं कर रही और आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है।

पुलिस जांच पर उठे सवाल
पीड़िता की ओर से पेश हुए वकील अली काशिफ खान ने दावा किया कि मामले में कॉल डिटेल्स, स्क्रीनशॉट्स और अन्य डिजिटल सबूत मौजूद हैं, इसके बावजूद शरद कपूर को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया। वकील का आरोप है कि जांच अधिकारी मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं और कानून का समान रूप से पालन नहीं किया जा रहा।
चार्जशीट को लेकर भी विवाद
वकील ने कोर्ट को बताया कि पुलिस द्वारा दाखिल चार्जशीट में यह लिखा गया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जबकि यह तथ्य गलत है। इसके अलावा, समन जारी होने के बावजूद आरोपी ने जांच में पूरा सहयोग नहीं किया और बयान भी ठीक से दर्ज नहीं कराया।
क्राइम ब्रांच जांच की मांग
इन तमाम तथ्यों को आधार बनाते हुए पीड़िता ने मांग की है कि इस केस की जांच क्राइम ब्रांच की वुमन सेल को सौंपी जाए, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो सके। हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए अगली तारीख 6 मार्च तय की है।
कौन हैं शरद कपूर
शरद कपूर 1990 और 2000 के दशक में कई बॉलीवुड फिल्मों में नजर आ चुके हैं। शाहरुख खान की फिल्म जोश में उनके विलन किरदार को खास पहचान मिली थी। वह लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय रहे हैं और टेलीविजन प्रोजेक्ट्स में भी काम कर चुके हैं।