
नारी डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। चेक बाउंस मामले में बेल याचिका खारिज होने के बाद उन्हें जेल में सरेंडर करना पड़ा है। दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी जमानत पर सुनवाई को सोमवार तक के लिए टाल दिया है, जिसके चलते फिलहाल उन्हें जेल में ही रहना पड़ रहा है। यह पहली बार नहीं है जब राजपाल यादव को जेल जाना पड़ा हो। इससे पहले साल 2018 में भी वह करीब तीन महीने जेल में रह चुके हैं। इस बार भी आर्थिक विवाद के चलते उन्हें यह दिन देखने पड़ रहे हैं।
जेल नंबर 2 में बंद, आम कैदी जैसी दिनचर्या
जेल प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, राजपाल यादव जेल नंबर 2 में बंद हैं और उन्हें किसी तरह का कोई VIP ट्रीटमेंट नहीं दिया जा रहा है। जेल पहुंचने के बाद शुरुआती 24 घंटे वह काफी शांत रहे, लेकिन अब धीरे-धीरे अपने चिर-परिचित अंदाज में कैदियों के बीच घुल-मिल गए हैं। सूत्रों का कहना है कि कैदियों की फरमाइश पर राजपाल अपनी फिल्मों के मशहूर कॉमेडी डायलॉग्स सुनाते हैं, जिससे बैरक में हंसी-ठहाकों का माहौल बन जाता है। उन्हें देखकर कई कैदियों के चेहरे खिल उठते हैं और लोग उनकी एक झलक पाने के लिए पास आने की कोशिश करते रहते हैं।
सुबह 5 बजे उठना, तय समय पर खाना
राजपाल यादव की दिनचर्या पूरी तरह जेल मैनुअल के मुताबिक है। सुबह 5–6 बजे उठना, बैरक से बाहर निकलकर फ्रेश होना, चाय और नाश्ता, दिनभर जेल के अंदर रहना, शाम 7 बजे रात का खाना और रात 10 बजे तक सो जाना। सूत्रों के अनुसार, राजपाल ने अपने लिए बाहर से किसी भी तरह की विशेष सुविधा की मांग नहीं की है।
तय मेन्यू का ही खाना
जेल में राजपाल यादव को भी वही खाना मिल रहा है जो अन्य कैदियों को दिया जाता है। तय मेन्यू के अनुसार उन्हें दाल, सब्जी, रोटी और चावल परोसे जाते हैं। इसमें किसी तरह की कोई छूट नहीं है। कैदियों से खुलकर साझा करते हैं दिल की बात जेल में राजपाल यादव अपनी गिरफ्तारी और हालात को लेकर कैदियों से खुलकर बात करते हैं। उन्होंने बैरक में यह तक कहा कि, अच्छे वक्त में सब साथ होते हैं, लेकिन वक्त खराब आया तो कोई मदद को आगे नहीं आया। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी नीयत कभी बेईमानी की नहीं थी, लेकिन हालात ऐसे बने कि उन्हें जेल जाना पड़ा।
कुल मिलाकर
तिहाड़ जेल में राजपाल यादव एक आम बंदी की तरह जीवन जी रहे हैं। न कोई VIP सुविधा, न कोई ढील बस तय नियम, तय रुटीन और अपनी कॉमेडी के जरिए दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने की कोशिश। उनके चाहने वालों के लिए यह खबर भावुक करने वाली जरूर है, लेकिन यह भी दिखाती है कि मुश्किल हालात में भी वह अपना सकारात्मक अंदाज नहीं छोड़ रहे हैं।