नारी डेस्क : देशभर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर और मध्य भारत के 10 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है।
इन 10 राज्यों में जारी हुआ बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार जिन राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है, उनमें शामिल हैं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और महाराष्ट्र। मौसम विभाग ने बताया है कि 2 से 3 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं आज (2 फरवरी) को उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
दिल्ली का मौसम: साफ रहेगा आसमान, ठंडी हवाओं से गिरेगा पारा
राजधानी दिल्ली में सोमवार (2 फरवरी) को मौसम सामान्य रूप से साफ बना रहेगा। हालांकि सुबह के समय 10 से 15 Kmph की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी। कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है।
दिल्ली का तापमान
अधिकतम: 22°C
न्यूनतम: 9°C
ठंडी हवाओं के चलते तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
उत्तर प्रदेश का मौसम: बारिश और कोहरे का असर
उत्तर प्रदेश में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है।
लखनऊ का मौसम
राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे। शाम या रात तक हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है, जिससे ठंड बढ़ गई है। शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में अभी और गिरावट आने के आसार हैं। रविवार को फरवरी की शुरुआत गर्मी के साथ हुई थी। दिन में धूप निकलने से लखनऊ का अधिकतम तापमान 24.1°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
बिहार का मौसम: फिलहाल राहत, बारिश नहीं
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बिहार में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है और 5 फरवरी तक मौसम सामान्य बने रहने की उम्मीद है।
हालांकि सुबह के समय
पश्चिमी चंपारण
पूर्वी चंपारण
सीतामढ़ी
सुपौल
मधुबनी
अररिया
किशनगंज
जिलों में 10 Kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पटना का तापमान
अधिकतम: 24°C
न्यूनतम: 13°C
मौसम विभाग की सलाह
IMD ने लोगों को सलाह दी है कि तेज हवाओं और बारिश के दौरान। खुले इलाकों में जाने से बचें। मौसम से जुड़ी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।