
नारी डेस्क: अमेरिका के Seattle में 23 वर्षीय भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। शहर प्रशासन ने जाह्नवी के परिवार के साथ 29 मिलियन डॉलर (करीब 262 करोड़ रुपये) का समझौता किया है। इस समझौते के बाद मामला कानूनी रूप से समाप्त हो गया है।
कैसे हुआ था हादसा?
यह घटना 23 जनवरी 2023 को साउथ लेक यूनियन इलाके में हुई थी। जाह्नवी सड़क पार कर रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार पुलिस वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गाड़ी चला रहे अधिकारी केविन डेव 40 किमी/घंटा की सीमा वाले क्षेत्र में करीब 119 किमी/घंटा की रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। वे एक ड्रग ओवरडोज कॉल पर जा रहे थे और उनकी इमरजेंसी लाइट्स व सायरन चालू थे। हादसे में जाह्नवी की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पढ़ाई कर रही थीं मास्टर्स
जाह्नवी कंडुला Northeastern University के सिएटल कैंपस में इंफॉर्मेशन सिस्टम्स में मास्टर्स की पढ़ाई कर रही थीं। उनकी मौत के बाद भारत और अमेरिका दोनों जगह इस घटना को लेकर आक्रोश देखने को मिला था। मामला उस समय और गरमा गया जब एक अन्य पुलिस अधिकारी के बॉडी कैमरा की रिकॉर्डिंग सामने आई। इसमें अधिकारी डेनियल ऑडरर को यह कहते सुना गया कि जाह्नवी की जिंदगी की “सीमित वैल्यू” थी और शहर को “सिर्फ एक चेक लिख देना चाहिए।” इस बयान के बाद भारी विरोध प्रदर्शन हुए और भारतीय राजनयिकों ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की।
कानूनी कार्रवाई और समझौता
हादसे के बाद अधिकारी केविन डेव को नौकरी से हटा दिया गया। उन पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगा और 5,000 डॉलर का जुर्माना लगाया गया। हालांकि, अभियोजकों ने उनके खिलाफ गंभीर आपराधिक आरोप नहीं लगाए, क्योंकि यह साबित नहीं हो सका कि उन्होंने जानबूझकर सुरक्षा की अनदेखी की थी।
जाह्नवी के परिवार ने 2024 में शहर और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ 110 मिलियन डॉलर से अधिक का मुकदमा दायर किया था। अब 29 मिलियन डॉलर के समझौते के साथ यह मुकदमा खत्म हो गया है। बताया जा रहा है कि इस राशि का बड़ा हिस्सा शहर की बीमा कंपनी द्वारा दिया जाएगा।
प्रशासन का बयान
शहर की ओर से कहा गया कि यह समझौता परिवार को कुछ हद तक न्याय और संतोष प्रदान करने के लिए किया गया है। अधिकारियों ने यह भी माना कि जाह्नवी की मौत एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना थी।