18 JUNWEDNESDAY2025 8:42:38 PM
Nari

जानिए किस राज्य में सबसे ज्यादा मिल रही विधवा पेंशन और किस राज्य में पुरुष भी हैं इसके लाभार्थी

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 11 Jun, 2025 02:09 PM
जानिए किस राज्य में सबसे ज्यादा मिल रही विधवा पेंशन और किस राज्य में पुरुष भी हैं इसके लाभार्थी

नारी डेस्क:  वर्तमान समय में सरकार समाज के कमजोर वर्गों की मदद के लिए कई योजनाएं चला रही है। इनमें से एक महत्वपूर्ण योजना है विधवा पेंशन योजना। इस योजना का मकसद विधवा महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है ताकि वे बिना किसी निर्भरता के अपना जीवन आराम से गुजार सकें। इस लेख में हम आपको विधवा पेंशन योजना की पूरी जानकारी सरल भाषा में देंगे, साथ ही बताएंगे कि कौन-कौन से राज्य इस योजना को चला रहे हैं और किन राज्यों में पुरुष भी इस योजना के तहत मदद पा रहे हैं।

विधवा पेंशन योजना क्या है?

विधवा पेंशन योजना केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा संचालित एक योजना है, जिसका उद्देश्य पति के निधन के बाद विधवा महिलाओं को आर्थिक सहायता देना है। इससे विधवाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें और उनकी जीवनशैली बेहतर हो। इस योजना के तहत हर महीने एक निश्चित राशि लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है।

ध्यान देने वाली बात है कि यदि विधवा महिला की मृत्यु हो जाती है, तो उसके बाद उसके बच्चे या परिवार के किसी अन्य सदस्य को पेंशन का लाभ नहीं मिलता।

PunjabKesari

किस राज्य में मिलती है सबसे ज्यादा पेंशन?

विभिन्न राज्यों में विधवा पेंशन की राशि अलग-अलग होती है। आइए जानते हैं प्रमुख राज्यों में पेंशन की मात्रा और योजना की खास बातें

हरियाणा: हरियाणा में विधवा और निराश्रित महिलाओं को मासिक 2,500 रुपये की पेंशन दी जाती है। इसके अलावा हरियाणा में पुरुषों को भी इस योजना के तहत लाभ दिया जाता है। इसके लिए लाभार्थी की उम्र 45 से 60 साल के बीच होनी चाहिए।

उत्तर प्रदेश: यूपी में विधवाओं को 1,000 रुपये प्रति माह की पेंशन दी जाती है। यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है।

दिल्ली: दिल्ली सरकार भी विधवाओं को 2,500 रुपये प्रति माह पेंशन प्रदान करती है।

पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल में यह राशि 750 रुपये प्रति माह है। इसके लिए लाभार्थी का पारिवारिक मासिक आय 1,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

इसके अलावा राजस्थान, पंजाब, झारखंड, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश जैसे कई अन्य राज्यों में भी विधवा पेंशन योजना चलाई जा रही है।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रही राजा रघुवंशी की बहन,  इंस्टा रील्स ने बढ़ाई चर्चा

किसे मिलती है यह पेंशन?

इस योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलता है जो विधवा हैं और आर्थिक रूप से कमजोर स्थिति में हैं। आमतौर पर इसके लिए लाभार्थी का परिवार गरीबी रेखा से नीचे होना चाहिए। इसके अलावा, कुछ राज्यों में अविवाहित पुरुषों को भी इस योजना के तहत आर्थिक सहायता दी जा रही है, जैसे हरियाणा में। यह कदम समाज के और कमजोर वर्गों तक पहुंच बढ़ाने के लिए उठाया गया है।

आवेदन प्रक्रिया और जानकारी

हर राज्य में आवेदन करने का तरीका अलग होता है। आमतौर पर आपको नजदीकी पंचायत कार्यालय या महिला विकास विभाग में जाकर आवेदन करना होता है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों में पहचान पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र (पति का), आय प्रमाण पत्र आदि शामिल होते हैं।

यदि आप या आपके परिचित इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं तो राज्य सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वहां आवेदन फॉर्म डाउनलोड करने और जमा करने की प्रक्रिया विस्तार से दी होती है।

PunjabKesari

योजना का उद्देश्य

विधवा पेंशन योजना का मुख्य उद्देश्य विधवा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है ताकि वे बिना किसी पर निर्भर हुए अपना जीवनयापन कर सकें। सरकार की यह पहल महिलाओं को सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीने का मौका देती है।

विधवा पेंशन योजना समाज के एक महत्वपूर्ण वर्ग को आर्थिक सहायता देने का माध्यम है। इससे कई विधवाओं का जीवन बेहतर हुआ है और वे आत्मनिर्भर बनी हैं। यदि आप भी इस योजना के पात्र हैं, तो जल्द आवेदन करें और आर्थिक सहायता का लाभ उठाएं।  

Related News