नारी डेस्क: अक्सर कई लोगों को सुबह उठते ही यह महसूस होता है कि शरीर भारी-सा है, चेहरा फूला हुआ है या पेट में सूजन और गैस बनी हुई है। यह समस्या देखने में भले ही छोटी लगे, लेकिन अगर यह रोज़-रोज़ हो रही है तो इसे नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए। शरीर में बार-बार सूजन आना आपकी लाइफस्टाइल और पाचन से जुड़ी गड़बड़ी का संकेत हो सकता है।
क्यों होती है सुबह शरीर में सूजन और ब्लोटिंग?
आजकल खराब दिनचर्या और गलत खान-पान की वजह से वॉटर रिटेंशन की समस्या तेजी से बढ़ रही है। इस स्थिति में शरीर में जरूरत से ज्यादा पानी जमा हो जाता है, जिससे पेट, चेहरा, हाथ-पैर या पूरा शरीर सूजा हुआ महसूस हो सकता है। डाइटिशियन राधिका गोयल के अनुसार, सुबह उठते ही सूजन होना इस बात का संकेत है कि आपका डाइजेशन ठीक से काम नहीं कर रहा। शरीर में टॉक्सिन्स जमा हो रहे हैं, जो सूजन और ब्लोटिंग की वजह बनते हैं।

शरीर में सूजन आने के मुख्य कारण
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, शरीर में सूजन आने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं। गलत और अनियमित खान-पान, देर रात खाना खाना, जरूरत से कम पानी पीना, नींद पूरी न होना और ज्यादा तनाव लेना इसका बड़ा कारण बन सकते हैं। इसके अलावा, अगर किसी खास जगह पर सूजन है तो वह कीड़े के काटने की वजह से भी हो सकती है। वहीं, लंबे समय तक बनी रहने वाली सूजन हार्ट, किडनी या लिवर से जुड़ी समस्याओं का संकेत भी हो सकती है। ऐसे मामलों में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी होता है।
खाली पेट करें ये देसी उपाय, मिलेगी जल्दी राहत
ब्लोटिंग और सूजन से राहत पाने के लिए आप एक आसान देसी ड्रिंक को अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं। अदरक, हल्दी और कुछ मसालों से बनी यह ड्रिंक पाचन को बेहतर बनाने और शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने में मदद करती है।
सूजन कम करने वाली देसी ड्रिंक की सामग्री
इस ड्रिंक को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीज़ों की जरूरत नहीं है।
1 इंच अदरक का टुकड़ा
1 छोटा चम्मच सौंफ के बीज
दालचीनी का 1 छोटा टुकड़ा
आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
2 काली मिर्च
जरूरत के अनुसार पानी

ये भी पढ़ेे: किस बीमारी में दिल अचानक धड़कते-धड़कते रुक जाता है, जानें एक्सपर्ट की राय
देसी ड्रिंक बनाने की आसान विधि
सबसे पहले सारी सामग्री को अच्छे से तैयार कर लें। अब एक पैन में पानी डालकर हल्की आंच पर उबालने के लिए रखें। जब पानी में उबाल आ जाए, तो उसमें अदरक, सौंफ और दालचीनी डाल दें और करीब 5 मिनट तक उबलने दें। इसके बाद हल्दी पाउडर और काली मिर्च डालें और फिर से 5 मिनट तक पकाएं। जब पानी आधा रह जाए, तो गैस बंद कर दें और इसे छान लें।
कब और कैसे पिएं यह ड्रिंक?
इस ड्रिंक को सुबह खाली पेट पीना सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है। अगर आप चाहें तो इसे किसी हैवी मील के करीब आधे घंटे बाद भी पी सकते हैं। नियमित रूप से इसका सेवन करने से कुछ ही हफ्तों में आपको ब्लोटिंग और सूजन में फर्क नजर आने लगेगा।
कितनी बार करें इसका सेवन?
आप इस देसी ड्रिंक को रोज़ाना या फिर हर तीसरे दिन पी सकते हैं। यह शरीर को अंदर से साफ करने में मदद करती है और पाचन तंत्र को मजबूत बनाती है। अगर आप लंबे समय से सूजन और गैस की समस्या से परेशान हैं, तो यह आसान घरेलू उपाय आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।
डिस्क्लेमर: अगर सूजन लंबे समय तक बनी रहे या दर्द के साथ हो, तो घरेलू उपाय अपनाने के साथ-साथ डॉक्टर से सलाह जरूर लें।