
नारी डेस्क : साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। तमिल और मलयालम फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस अंजू कृष्णा को ड्रग्स रखने और उसकी खरीद-फरोख्त के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस मामले में जाल बिछाकर एक असिस्टेंट डायरेक्टर समेत कुल 8 लोगों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस गिरफ्तारी के बाद से ही साउथ फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई है।
ड्रग्स केस में अंजू कृष्णा की गिरफ्तारी, ऐसे हुआ पूरे रैकेट का खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा एंटी-नारकोटिक्स इंटेलिजेंस यूनिट (ANIU) को मिली एक गुप्त सूचना के बाद हुआ। ANIU के इंस्पेक्टर ने नेसापक्कम निवासी विग्नेशवरन को शक के आधार पर रोका। पूछताछ के दौरान उसने वेंकटेश कुमार नाम के व्यक्ति का नाम लिया। इसके बाद पुलिस ने वेंकटेश को पकड़ने के लिए पूरी योजना बनाई।

फर्जी ग्राहक बनकर पुलिस ने किया ड्रग्स डील का भंडाफोड़
पुलिस का एक जवान फर्जी ग्राहक बनकर वेंकटेश के पास पहुंचा और ड्रग्स की डील तय की। जैसे ही वेंकटेश अपनी कार के साथ तय जगह पर पहुंचा, पुलिस ने उसे घेर लिया। तलाशी के दौरान उसकी कार से बैन किए गए नशीले पदार्थ बरामद किए गए।
इसके बाद वेंकटेश से सख्ती से पूछताछ की गई।
अंजू कृष्णा और असिस्टेंट डायरेक्टर विंसी निवेथा का नाम आया सामने। पूछताछ में वेंकटेश ने इस ड्रग्स रैकेट से जुड़े अन्य लोगों के नाम उगल दिए। इन नामों में एक्ट्रेस अंजू कृष्णा और असिस्टेंट डायरेक्टर विंसी निवेथा का नाम सामने आने से पुलिस भी हैरान रह गई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों से क्या-क्या हुआ बरामद?
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 ग्राम मेथम्फेटामाइन, 7 ग्राम ओजी गांजा, 15 ग्राम साधारण गांजा, स्मोकिंग बोंग, ड्रग स्टाम्प और 9 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कौन हैं अंजू कृष्णा और विंसी निवेथा?
अंजू कृष्णा तमिल और मलयालम सिनेमा का जाना-पहचाना नाम रही हैं। उन्हें खासतौर पर तमिल फिल्म ‘वेल्लीमलाई’ से पहचान मिली थी। वहीं, विंसी निवेथा तमिल फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर चुकी हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों ही फिल्म इंडस्ट्री में ज्यादा सक्रिय नहीं थे।अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस ड्रग्स रैकेट के तार इंडस्ट्री के किसी और बड़े नाम से भी जुड़े हैं या नहीं।