
नारी डेस्क: Maha Shivaratri के अवसर पर भगवान शिव की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन शिवलिंग पर चढ़ाई गई कुछ वस्तुओं को बहुत शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार शिवरात्रि के पावन पर्व पर शिव जी को सबसे प्रिय चीज को चुपचाप घर ले आना चाहिए। इससे सभी परेशानियों से छुटकारा मिलता है और भोलेनाथ की कृपा बनी रहती है।
धार्मिक मान्यता
बेलपत्र भगवान शिव को अत्यंत प्रिय माना जाता है। मान्यता है कि शिवलिंग पर अर्पित बेलपत्र में भगवान शिव का आशीर्वाद होता है। इसे घर के पूजा स्थान में रखने से सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और नकारात्मकता दूर होती है। कुछ परंपराओं में माना जाता है कि महाशिवरात्रि या सोमवार को शिवलिंग चढ़ाया गया बेलपत्र घर लाने से सुख-समृद्धि और आर्थिक स्थिरता में वृद्धि होती है।
तिजोरी या पर्स में रखने की मान्यता
मान्यता है कि महाशिवरात्रि पर चढ़ाया गया बेलपत्र तिजोरी में रखने से धन-संपत्ति में वृद्धि होती है। कुछ लोग इसे पर्स में भी रखते हैं, ताकि आर्थिक तंगी दूर हो और लक्ष्मी कृपा बनी रहे। इसे सकारात्मक ऊर्जा और भगवान शिव के आशीर्वाद का प्रतीक माना जाता है। घर लाकर उसे हल्के साफ कपड़े में लपेटकर तिजोरी में रखें। सूख जाने पर उसे बहते जल में प्रवाहित करें या किसी पवित्र पेड़ के नीचे रख दें।
आयुर्वेद के अनुसार बेलपत्र के गुण
आयुर्वेद में बेल (बिल्व) के पत्ते, फल और जड़ का औषधीय महत्व बताया गया है। यह पाचन सुधारने में सहायक होता है। दस्त और गैस की समस्या में लाभकारी होता है। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मददगार होता है। कुछ शोधों के अनुसार इसे मधुमेह नियंत्रण में भी सहायक माना गया है। बेलपत्र में आयुर्वेदिक गुण जरूर हैं, लेकिन “शिवलिंग पर चढ़ा बेलपत्र खाने से सभी बीमारियां दूर हो जाती हैं” इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। अगर सेवन करना हो तो साफ, ताजा और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ही करें।