28 APRSUNDAY2024 8:32:41 AM
Nari

कार्तिक पूर्णिमा के पर्व पर श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी, देखें शानदार नजारा

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 08 Nov, 2022 04:42 PM
कार्तिक पूर्णिमा के पर्व पर श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी, देखें शानदार नजारा

कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। कार्तिक पूर्णिमा का गंगा स्नान साल का अंतिम स्नान होता है और धार्मिक मान्यताओं में काफी महत्वपूर्ण है। माना जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में स्नान करने और दान आदि करने से सभी दुख दूर होते हैं साथ ही मोक्ष की प्राप्ति होती है. इसलिए यहां श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा है। 

PunjabKesari
हरिद्वार में श्रद्धालुओं ने किया स्नान

देशभर के विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालुओं ने सुबह हरिद्वार में  हर की पौड़ी सहित विभिन्न घाटों पर स्नान करना प्रारंभ कर दिया था। वर्ष के आखिरी बड़े स्नान होने के चलते आज भारी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे और साथ ही संयोग से चंद्रग्रहण पड़ने के कारण श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। कहा जाता है कि इस दिन आंवले का दान करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। आज के दिन स्नान और दान करने से श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं 
भी पूर्ण होती हैं । 

PunjabKesari
इस दिन दान करने से मिलता है फल 

मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान करने से पितरों को मोक्ष की प्राप्ति मिलती है साथ ही दान आदि करने से अभीष्ट फल की भी प्राप्ति होती है।सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। यह पर्व हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को आता है। सिख संप्रदाय में कार्तिक पूर्णिमा का दिन प्रकाशोत्सव के रूप में मनाया जाता है। क्योंकि इस दिन सिख संप्रदाय के संस्थापक गुरू नानक देव का जन्म हुआ था।

PunjabKesari
कार्तिक पूर्णिमा पर जरूर करें तुलसी की पूजा

पौराणिक कथाओं के अनुसार  कार्तिक पूर्णिमा को ही देवी तुलसी ने पृथ्वी पर जन्म लिया था। इस दिन बैकुण्ठ के स्वामी श्री हरि को तुलसी पत्र ज़रुर चढ़ाना चाहिए। कार्तिक मास में श्री राधा और श्री कृष्ण जी की पूजा का भी विशेष महत्व है। ग्रंथों में यह भी कहा गया है कि कार्तिक माह धार्मिक कार्यों के लिए बहुत अच्छा होता है, हालांकि इस बार चंद्रग्रहण के चलते कोई कार्य नहीं किया जा सकता। 

PunjabKesari
कार्तिक स्नान सेहत के लिए भी फायदेमंद

कार्तिक स्नान का केवल धार्मिक महत्त्व ही नहीं है, बल्कि इसे विज्ञान की कसौटी पर भी अच्छी तरह से कसा गया है।  मानसून समाप्त होने के बाद आने वाले कार्तिक माह में आसमान पूरी तरह से साफ हो जाता है, इस कारण सूर्य की किरणें धरती पर सीधे पड़ती हैं। इन किरणों से धरती पर जो भी हानिकारक जीव जंतू होते हैं, वे पूरी तरह से समाप्त हो जाते हैं, इसके फलस्वरूप वातावरण शुद्ध हो जाता है, जो मानव के स्वास्थ्य की दृष्टि से बहुत ही लाभदायी होता है। 

Related News