
नारी डेस्क: आज के दौर में सोशल मीडिया पर हर दिन सैकड़ों चीजें वायरल होती हैं, लेकिन कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जो सिर्फ ट्रेंड नहीं बनतीं, बल्कि लोगों के दिल को भी छू जाती हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक वीडियो ऐसी ही कहानी बयां करता है, जिसमें दिल्ली में हुई एक मेडिकल इमरजेंसी के दौरान क्विक कॉमर्स ऐप ब्लिंकइट एक साधारण किराना डिलीवरी प्लेटफॉर्म से आगे बढ़कर किसी के लिए लाइफलाइन बन गया। महिला के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे जब पूरा शहर गहरी नींद में था और कैब बुक करने के सभी विकल्प फेल हो चुके थे, तब दूध-सब्जी मंगवाने वाला यही ऐप समय पर मदद बनकर सामने आया। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोग ब्लिंकइट की इस पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
इंस्टाग्राम वीडियो में महिला ने सुनाई आपबीती
इस घटना से जुड़ा वीडियो इंस्टाग्राम यूजर प्राची ने शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्राची मुंबई में रहती हैं, जबकि उनका परिवार दिल्ली में है। वीडियो में उन्होंने बताया कि देर रात दिल्ली से उन्हें एक घबराया हुआ फोन आया। उनके परिवार के साथ रह रही मौसी को अचानक दौरे पड़ने लगे थे।
कैब फेल, ब्लिंकइट बना सहारा
प्राची के मुताबिक, मेडिकल इमरजेंसी के दौरान न तो कैब मिल पा रही थी और न ही कोई अन्य साधन, जिससे मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके। ऐसे में उन्होंने ब्लिंकइट ऐप खोला और वहां मौजूद एम्बुलेंस सर्विस को बुक किया। कुछ ही मिनटों में एंबुलेंस घर पहुंच गई और मरीज को अस्पताल ले जाया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह सेवा पूरी तरह मुफ्त थी।
पैसे से ज्यादा जरूरी थी समय पर मदद
प्राची ने वीडियो में कहा कि वह किसी भी कीमत पर एंबुलेंस का खर्च देने को तैयार थीं। ऐप पर साफ लिखा था कि इस सर्विस का इस्तेमाल केवल जेनुइन मेडिकल इमरजेंसी में किया जाए। बुकिंग के बाद जब उन्हें पता चला कि राइड फ्री है, तो उन्हें सबसे ज्यादा सुकून इस बात का मिला कि दूर रहते हुए भी वह अपने परिवार की मदद कर सकीं।

जनवरी 2025 में शुरू हुई थी सर्विस
जानकारी के मुताबिक, ब्लिंकइट की यह एंबुलेंस सर्विस जनवरी 2025 में गुरुग्राम से शुरू की गई थी। कंपनी के सीईओ Albinder Dhindsa के अनुसार, महज एक साल के भीतर यह सेवा 4200 से ज्यादा मेडिकल इमरजेंसी मामलों में मदद कर चुकी है। कंपनी धीरे-धीरे इस सर्विस का दायरा और शहरों तक बढ़ा रही है।
सोशल मीडिया पर जमकर हो रही तारीफ
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ब्लिंकइट की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, Blinkit तो सच में लाइफसेवर बनकर आया। दूसरे ने कहा, यह एक शानदार पहल है। कई यूजर्स ने मांग की कि इस एंबुलेंस सर्विस को पैन इंडिया शुरू किया जाए। वहीं कुछ लोगों ने लिखा कि उन्हें पहले पता ही नहीं था कि ब्लिंकइट एंबुलेंस सर्विस भी देता है। यह घटना साबित करती है कि टेक्नोलॉजी और सही पहल मिलकर किस तरह संकट के समय किसी की जान बचा सकती है।