06 MAYMONDAY2024 4:39:36 PM
Nari

सर्दियों में भूख नहीं लगती तो क्या करें?

  • Edited By neetu,
  • Updated: 05 Oct, 2021 12:54 PM
सर्दियों में भूख नहीं लगती तो क्या करें?

सर्दियों में गर्मी से राहत मिलती है। मगर इस दौरान कई लोगों को पाचन तंत्र से जुड़ी समस्या होने से पेट में भारीपन महसूस होने लगता है। ऐसे में उन्हें भूख ना लगने की परेशानी सताती है। इसके पीछे का कारण कोई बीमारी, बैक्टीरियल इंफेक्शन, दवाओं के अधिक सेवन, स्ट्रेस आदि हो सकता है। मगर भोजन ना करने से शरीर में पोषक तत्वों की कमी होने लगती है। इसके कारण इम्यूनिटी लो होने से बीमारियों की चपेट में आने का खतरा रहता है। ऐसे में आप कुछ देसी नुस्खों को अपनाकर भूख बढ़ा सकती है। चलिए जानते हैं इन घरेलू उपायों के बारे में....

 

चलिए जानते हैं भूख बढ़ाने के 5 असरदार तरीके...
 
अदरक का रस

अदरक पोषक तत्वों व एंटी-ऑक्सीडेंट, एंटी-बैक्टीरियल आदि गुणों से भरपूर होता है। इसके सेवन से पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है। ऐसे में भूख बढ़ने में मदद मिलती है। इसके लिए 1 छोटा चम्मच अदरक के रस में 2-3 बूंदें नींबू का रस और चुटकीभर काला नमक मिलाकर भोजन से पहले खाएं। कुछ दिनों तक लगातार इसका सेवन करने से आपको फर्क महसूस होगा।

PunjabKesari

हरा धनिया

पाचन तंत्र दुरुस्त रखने में धनिया बेहद ही फायदेमंद माना जाता है। इसमें विटामिन, कैल्शियम, फाइबर, आयरन, पोटैशियम, एंटी-बैक्टीरियल आदि गुण होते हैं। ऐसे में इसका सेवन करने से पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करता है। आप इसकी चटनी या पानी तैयार करके डेली डाइट में शामिल कर सकती है। इसकी चटनी बनाने के लिए कुछ धनिया व पुदीना की पत्तियां पीस लें। फिर इसमें जरूरत अनुसार काला नमक, नींबू का रस मिलाकर भोजन के साथ खाएं। इसका पानी बनाने के लिए 1/2 कप हरा धनिया धोकर जरूरत अनुसार पानी में पीस लें। फिर इसे छननी से छानकर सुबह खाली पेट पीएं। हफ्ते में 3 बार इसका सेवन करने से आपकी भूख बढ़ने लगेगी।

अजवाइन

पेट से जुड़ी समस्याओं से आराम दिलाने के लिए अजवाइन औषधीय की तरह मानी जाती है। इससे पाचन तंत्र दुरुस्त होने के साथ भूख बढ़ने में मदद मिलती है। भूख ना लगने की परेशानी में 2-3 छोटे चम्मच अजवाइन में कुछ बूंदें नींबू के रस की मिलाकर सुखा लें। फिर इसमें काला नमक मिलाएं और भोजन के 30 मिनट पहले इसका सेवन करें। इसे अच्छे से चबाकर खाएं। फिर गुनगुना पानी पी लें। कुछ दिन इस नुस्खे को अपनाने से आपको फायदा मिलेगा।
 

PunjabKesari

मेथी और सौंफ

मेथी और सौंफ खाने से भी हाजमा सही होता है। इससे भूख बढ़ने में मदद मिलती है। साथ ही इम्यूनिटी बूस्ट होती है। इसके लिए 1 छोटा चम्मच सौंफ और 1/2 छोटा चम्मच मेथी दाना 2 कप पानी में भिगोएं। कुछ घंटों बाद इस पानी को रंग बदलने तक उबाल लें। बाद में इस पानी को छानकर इसमें स्वाद अनुसार शहद मिलाकर पीएं। लगातार कुछ दिनों तक इसका सेवन करने से आपको लाभ मिलेगा।

काली मिर्च

भूख बढ़ाने में काली मिर्च भी फायदेमंद मानी जाती है। इसके लिए 1 छोटा चम्मच गुड़ में 1/2 छोटा चम्मच पीसी काली मिर्च मिलाकर खाएं। इससे आपकी भूख बढ़ेगी। पाचन दुरुस्त होगा और पेट संबंधी समस्याओं से आराम मिलेगा।

PunjabKesari

 

Related News