
नारी डेस्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित LaGuardia Airport पर एक बेहद खतरनाक विमान हादसा सामने आया है। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक विमान रनवे पर मौजूद फायर ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर तुरंत मास कैजुअल्टी (Mass Casualty) घोषित कर दिया गया, यानी बड़ी संख्या में लोगों के घायल या प्रभावित होने की आशंका जताई गई।
कौन सा विमान था और कितने लोग थे सवार?
बताया जा रहा है कि यह एयर कनाडा एक्सप्रेस का CRJ-900 विमान था, जिसमें करीब 100 यात्री सवार थे। यह विमान रनवे पर लैंडिंग के बाद आगे बढ़ रहा था, तभी अचानक सामने मौजूद फायर ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद विमान का नोज (आगे का हिस्सा) और कॉकपिट पूरी तरह टूट गया, जो इस दुर्घटना की गंभीरता को दर्शाता है।
कितने लोग हुए घायल और कितनी मौतें?
इस हादसे में सबसे दुखद बात यह है कि दोनों पायलटों की मौत हो गई है। इसके अलावा दर्जनों यात्री और क्रू मेंबर्स घायल हुए हैं। कुछ रिपोर्ट्स में 70 से ज्यादा लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फायर ट्रक में मौजूद 5 अग्निशमन कर्मी (First Responders) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे के बाद क्या हुआ?
हादसे के तुरंत बाद इमरजेंसी सेवाएं सक्रिय हो गईं। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया और सभी घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए पूरे एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। सभी उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर मौजूद हैं।
एयरपोर्ट और एयरलाइन का बयान
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 11:40 बजे हुआ, जब विमान रनवे पर एक रेस्क्यू और फायरफाइटिंग वाहन से टकरा गया। वहीं एयर कनाडा ने भी बयान जारी कर कहा है कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित यात्रियों और उनके परिवारों से संपर्क किया जा रहा है।
सामने आए वीडियो और तस्वीरें
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विमान का आगे का हिस्सा पूरी तरह टूट चुका है। कॉकपिट बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है और आसपास अफरा-तफरी का माहौल है।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
यह पहली बार नहीं है जब ला गार्डिया एयरपोर्ट पर इस तरह की घटना हुई हो। साल 2025 में भी यहां टैक्सीवे पर कई छोटी-मोटी टक्करें हो चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं। न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर हुआ यह हादसा बेहद गंभीर और चिंताजनक है। दो पायलटों की मौत और कई लोगों के घायल होने से यह घटना दिल दहला देने वाली बन गई है। फिलहाल जांच जारी है और आने वाले समय में ही हादसे के असली कारणों का पता चल पाएगा।