
नारी डेस्क : अक्सर आपने बच्चों और युवाओं को ऐसा करते देखा होगा कि बाहर से आते ही या थकान के बाद वे एक ही सांस में पूरी पानी की बोतल खत्म कर देते हैं और इसे मजाक या बहादुरी समझते हैं। लेकिन यह आदत जितनी सामान्य लगती है, उतनी ही खतरनाक भी हो सकती है। बहुत से लोग यह नहीं जानते कि एक बार में ज्यादा पानी पीना शरीर, खासकर किडनी पर बुरा असर डाल सकता है। शरीर को पानी की जरूरत जरूर होती है, लेकिन सही तरीके से और सही मात्रा में।
एक बार में ज्यादा पानी पीने के नुकसान
एक साथ ज्यादा पानी पीने से किडनी पर अचानक दबाव बढ़ जाता है
शरीर पानी को सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता
बार-बार पेशाब आना या शरीर में इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन हो सकता है
लंबे समय तक ऐसी आदत किडनी की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकती है।

क्यों खतरनाक है ये आदत?
जब आप बहुत प्यासे होते हैं और अचानक बहुत ज्यादा पानी पी लेते हैं, तो यह किडनी के लिए वैसा ही होता है जैसे किसी थके हुए इंसान पर अचानक भारी बोझ डाल दिया जाए। किडनी के छोटे-छोटे फिल्टर (नेफ्रॉन्स) पर दबाव बढ़ता है, जिससे उनकी कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है।

पानी पीने का सही तरीका
हमेशा बैठकर पानी पिएं
एक बार में ज्यादा पानी पीने के बजाय घूंट-घूंट करके पिएं
दिनभर में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी पीते रहें
बहुत ज्यादा प्यास लगने का इंतजार न करें।

नोट: सिर्फ पानी पीने का तरीका ही नहीं, बल्कि पेशाब को देर तक रोकना भी किडनी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। यह आदत इंफेक्शन और आगे चलकर गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है।
पानी जीवन के लिए जरूरी है, लेकिन इसे सही तरीके से पीना उतना ही जरूरी है। छोटी-छोटी गलत आदतें आगे चलकर बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती हैं, इसलिए आज से ही अपनी पानी पीने की आदत में सुधार करें।