
नारी डेस्क : आज के समय में मीठा खाना लोगों की आदत बन चुका है। बच्चे हों या बड़े, चॉकलेट, केक, कोल्ड ड्रिंक और टॉफियां रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गए हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ज्यादा चीनी खाने का असर सिर्फ शरीर ही नहीं, बल्कि आपके दांतों पर भी पड़ता है?
क्या सच में चीनी से दांत पीले हो जाते हैं?
सीधे तौर पर चीनी दांतों को पीला नहीं करती, लेकिन यह ऐसी स्थिति जरूर बना देती है जिससे दांत खराब होने लगते हैं। जब हम मीठा खाते हैं, तो मुंह में मौजूद बैक्टीरिया शुगर को तोड़कर एसिड बनाते हैं। यह एसिड दांतों की ऊपरी परत (इनेमल) को कमजोर करता है, जिससे दांतों पर प्लाक जमने लगता है और वे पीले या गंदे दिखने लगते हैं।

कैसे बढ़ती है दांतों की समस्या?
अगर बार-बार और ज्यादा मात्रा में मीठा खाया जाए
तो इनेमल कमजोर हो जाता है
दांतों में कैविटी बनने लगती है
दर्द और इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है
हालांकि लार में मौजूद मिनरल्स दांतों को कुछ हद तक ठीक करते हैं, लेकिन ज्यादा शुगर इस प्रक्रिया को भी कमजोर कर देती है।
सिर्फ दांत ही नहीं, पूरी सेहत पर असर
ज्यादा चीनी का असर सिर्फ दांतों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह पूरे शरीर को प्रभावित करता है
वजन तेजी से बढ़ सकता है
Diabetes का खतरा बढ़ जाता है
दिल की बीमारियों की संभावना बढ़ती है
त्वचा पर झुर्रियां जल्दी आने लगती हैं।

कैसे करें बचाव?
मीठा सीमित मात्रा में खाएं
खाने के बाद कुल्ला जरूर करें
दिन में दो बार ब्रश करें
ज्यादा पानी पिएं
हेल्दी डाइट अपनाएं।
मीठा खाना पूरी तरह छोड़ना जरूरी नहीं है, लेकिन इसकी मात्रा पर कंट्रोल रखना बेहद जरूरी है। सही आदतें अपनाकर आप अपने दांतों को मजबूत और सेहत को बेहतर बनाए रख सकते हैं।