
लाॅकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की मदद के लिए कई स्टार्स आगे आए हैं। इन्हीं में से एक मिशेलिन स्टार शेफ विकास खन्ना भी लगातार जरूरतमंद लोगों को भोजन पहुंचाने का काम कर रहे हैं। यहां तक कि उन्होंने एक्टर सोनू सूद के साथ मिलकर प्रवासी मजदूरों को राशन बांटा था।
एक बार फिर विकास खन्ना मदद के लिए आगे आए हैं। उत्तर भारत समेत असम में आई बाढ़ से लाखों लोग प्रभवित हुए हैं। वहीं कई लोगों की जान भी जा चुकी है। ऐसे में विकास खन्ना ने असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राशन का इंतजाम किया है। खुद विकास ने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी है।

आपको बता दें बीते महीनों विकास खन्ना ने किन्नर अखाड़ा प्रमुख लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी के साथ मिलकर अपनी मुहिम 'बरकत' के जरिए 120 लाख लोगों तक खाना पहुंचाया था। खुद विकास ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी थी।

खबरों के मुताबिक असम में आई बाढ़ से 33 में से 22 जिलों में 22.34 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। जबकि गोलाघाट जिले के बोकाखाट में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं बाढ़ और भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या 129 हो गई है। बिहार में बाढ़ से 12 जिले और करीब 10 लाख आबादी प्रभावित हुई है।