
नारी डेस्क: एक्टर रणवीर सिंह जो अभी 'धुरंधर द रिवेंज' की सफलता का आनंद ले रहे हैं ने हाल ही में एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर क्रिकेटर भीमा खुंटी से मिलकर एक बार फिर लोगों का दिल जीत लिया। रणवीर गुजरात में अनंत अंबानी के जन्मदिन के जश्न में शामिल होने के बाद मुंबई लौट रहे थे, तभी जामनगर एयरपोर्ट पर उनकी मुलाक़ात भीमा से हुई। इस दौरान उन्होंने जो किया उसकी हर कोई तारीफ कर रहा है। एक्टर ने क्रिकेटर का गर्मजोशी से स्वागत किया, हाथ मिलाया थोड़ी देर बातचीत के लिए बैठे और अपनी फ़्लाइट पकड़ने से पहले उन्हें ऑटोग्राफ़ भी दिया।
रणवीर सफ़ेद कुर्ता-पायजामा और चश्मे में काफ़ी स्टाइलिश लग रहे थे। बाद में भीमा ने अपने इंस्टाग्राम पर इस मुलाक़ात का एक वीडियो शेयर किया और एक दिल को छू लेने वाले नोट में रणवीर की "सादगी, विनम्रता और सम्मान" की तारीफ़ की। एक्टर से मिलना कितना ख़ास था, यह बताते हुए उन्होंने लिखा- "धुरंधर @ranveersingh के साथ। कभी-कभी, ज़िंदगी आपको ऐसे पल देती है जिन्हें आप कभी नहीं भूलते... आज का दिन भी ऐसा ही एक दिन था।" क्रिकेटर ने लिखा- "मुझे रणवीर सिंह से मिलने का मौक़ा मिला। मैंने अपनी जिंदगी में बहुत से लोगों से मुलाक़ात की है, लेकिन आज मैंने जिस सादगी, विनम्रता और सम्मान का अनुभव किया, वह सचमुच कुछ ख़ास था। सुपरस्टार होना एक बात है, लेकिन सचमुच एक अच्छा इंसान होना ही आपको एक असली स्टार बनाता है। यह पल हमेशा मेरे साथ रहेगा,"।
देखते ही देखते, फ़ैन्स ने कमेंट सेक्शन में आकर इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी और रणवीर के इस नेक काम के लिए उनकी तारीफ़ भी की। एक यूज़र ने लिखा- "सफलता के बाद भी विनम्र रहना, बहुत बढ़िया। भगवान आपका भला करे रणवीर।" एक और यूज़र ने कमेंट किया- "मुझे उनकी पॉज़िटिव आभा, प्यार और सम्मान से प्यार हो रहा है।" रणवीर को 'धुरंधर: द रिवेंज' में अपनी परफॉर्मेंस के लिए भी खूब प्यार मिल रहा है। आदित्य धर की इस फ़्रैंचाइज़ी में वह जसकीरत सिंह रंगी और हमज़ा अली मजारी का किरदार निभा रहे हैं।