
नारी डेस्क: अपनी योनि की सफाई करना कोई मुश्किल काम नहीं है। आजकल इतने सारे प्रोडक्ट्स यह दावा करते हैं कि वे ताजगी देंगे ऐसे में भ्रमित होना स्वाभाविक है। लेकिन सच तो यह है कि आपकी योनि खुद अपनी देखभाल करने में सक्षम है और इसकी देखभाल करना बहुत आसान है। इसकी सफाई के लिए साबुन, फ़ेमिनिन हाइजीन स्प्रे, डियोडरेंट और डूशिंग की कोई जरूरत नहीं है। असल में, खुशबूदार और एंटीबैक्टीरियल प्रोडक्ट योनि के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं -यहां तक कि "सेंसिटिव स्किन"के लिए बने प्रोडक्ट या बच्चों के साबुन भी।
योनि रख सकती है खुद का ख्याल
डॉक्टर कहते हैं कि- योनि एक 'सेल्फ-क्लीनिंग' अंग है और यह अपना ध्यान खुद रखती है, इसलिए आपको इसे अंदर से साफ़ करने के लिए कुछ भी करने की जरूरत नहीं है। हालाँकि, वल्वा (योनि के बाहरी अंग) को साफ़ करना पूरी तरह से ठीक है इन बाहरी अंगों में क्लिटोरिस, लेबिया, योनि का मुंह और मूत्रमार्ग का मुंह शामिल हैं। वल्वा को किसी हल्के, बिना खुशबू वाले साबुन या सिर्फ़ सादे पानी से धोना ही साफ़-सफ़ाई का सबसे सेहतमंद तरीका है।
खुशबूदार प्रोडक्ट्स पहुंचाते हैं नुकसान
गायनोलॉजिस्ट की मानें तो- आपको अपने प्राइवेट पार्ट को साफ़ करने के लिए किसी खास साबुन, वाइप्स या स्प्रे की ज़रूरत नहीं है। वजाइना खुद-ब-खुद साफ होती रहती है। इसमें बैक्टीरिया और pH का अपना एक एकदम सही संतुलन होता है। हालांकि, खुशबूदार प्रोडक्ट्स इस संतुलन को बिगाड़ सकते हैं और इन्फेक्शन का कारण बन सकते हैं। इसलिए खुशबूदार साबुन से दूर ही रहें।” उन्होने यह भी साफ किया कि- “रोज़ाना होने वाला वजाइनल डिस्चार्ज बिल्कुल सामान्य है और यह अच्छे स्वास्थ्य की निशानी है। डिस्चार्ज होने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि कुछ गड़बड़ है। ज़्यादातर महिलाओं को हर दिन डिस्चार्ज होता है। इसी तरह वजाइना खुद को स्वस्थ रखती है।”
वजाइना की होती है प्राकृतिक गंध
गायनोलॉजिस्ट कहते हैं कि- अगर डिस्चार्ज का रंग, गंध या बनावट बदल जाए, तो उसकी जांच करवाने की ज़रूरत पड़ सकती है लेकिन अगर डिस्चार्ज साफ़ या सफ़ेद रंग का हो, तो वह आमतौर पर सामान्य ही होता है।” उन्होंने कहा- वजाइना की प्राकृतिक गंध का मतलब यह नहीं है कि साफ़-सफ़ाई ठीक से नहीं रखी गई है, अगर कोई गंध आ रही है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि आप गंदे हैं। हर वजाइना की एक प्राकृतिक गंध होती है। ऐसा होना स्वाभाविक है। अगर यह अचानक बदल जाती है या बहुत तेज़ हो जाती है, तो अपने डॉक्टर से मिलें। लेकिन इसके अलावा, आपसे यह उम्मीद नहीं की जाती कि आप किसी खुशबूदार नारियल वाली मोमबत्ती की तरह महकें।”