
नारी डेस्क: मौसम का बदलता मिजाज लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रहा है। बदलते मौसम के साथ लोगों को कई तरह की समस्याएं हो रही है। इसका सबसे ज्यादा असर जोधपुर समेत पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। यहां पर लोगों की सेहत अचानक बिगड़ने लगी है। सर्दी, खांसी और वायरल बुखार के मामलों लगातार सामने आ रहे है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, यह सब बदलते मौसम की वजह से हो रहा है। हवा में मौजूद वायरस और बैक्टीरिया अधिक सक्रिय हो जाते हैं और सीधे श्वसन तंत्र यानी रेस्पिरेटरी सिस्टम पर हमला करते हैं। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए गाइडलाइंस भी जारी की गई हैं।
बदलते मौसम में हो जाती है इम्यूनिटी कमजोर
डॉक्टरों का कहना है सर्दी-खांसी और वायरल बुखार के बढ़ते मामलों के पीछे सबसे बड़ी वजह बदलता हुआ मौसम है। जब मौसम अचानक बदलता है, तो शरीर को उसके अनुसार ढलने का समय नहीं मिल पाता। इससे इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है और वायरस आसानी से शरीर पर हमला कर देते हैं।
लक्षण
डॉक्टरों के मुताबिक इस समय जो मरीज आ रहे हैं, उनमें तेज बुखार, गले में दर्द, खांसी और सांस लेने में हल्की परेशानी जैसे लक्षण दिख रहे हैं। इसके अलावा गर्मी बढ़ने के कारण खाने-पीने की चीजें जल्दी खराब हो रही हैं, विशेषकर दूध और डेयरी उत्पादों के जल्दी खराब होने की समस्या भी बढ़ गई है, जिससे फूड पॉइजनिंग और पेट से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इस समय अस्पताल में इस बीमारी से पीड़ित मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है।

डॉक्टरों की सलाह
जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल (MGH) के अधीक्षक डॉ. फतेह सिंह ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि इस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लोगों को फिर से मास्क का उपयोग शुरू कर देना चाहिए. खांसते या छींकते समय मुँह ढकना और बार-बार हाथों को साबुन से धोना इस समय बेहद जरूरी है। खांसते-छींकते समय मुंह ढकें। अगर कोई भी लक्षण दिखे तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं और इलाज कराएं।
कैसे करें बचाव
डॉक्टरों ने कुछ आसान उपाय भी बताए हैं। जैसे- ठंडी चीजों जैसे आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक से दूरी बनाएं, ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल चीजें पिएं जैसे नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी, बाहर का तला-भुना खाना न खाएं, घर का ताजा खाना ही लें। इसके अलावा नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद लें ताकि आपकी इम्यूनिटी मजबूत बनी रहे और शरीर किसी भी प्रकार के वायरस से लड़ने के लिए तैयार रहे।