
नारी डेस्क: निक जोनास ने हाल ही में अपनी और प्रियंका चोपड़ा की बेटी मालती मैरी के जन्म से जुड़ी मुश्किल परिस्थितियों के बारे में खुलकर बात की है, उन्होंने बताया कि जनवरी 2022 में समय से पहले जन्म के बाद नवजात बच्ची को होश में लाना पड़ा और उसे छह बार ब्लड ट्रांसफ्यूजन किया गया। जे शेट्टी के 'ऑन पर्पस' पॉडकास्ट के हालिया एपिसोड में 33 वर्षीय गायक ने उस दिन को याद किया जब उन्होंने और उनकी पत्नी, अभिनेत्री और निर्माता प्रियंका चोपड़ा जोनास ने सरोगेट के ज़रिए अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था।

पीपल मैगज़ीन के अनुसार, जोनास ने मालती के जन्म को "बहुत मुश्किल परिस्थितियों" में होना बताया। जोनास ने कहा- हम उम्मीद कर रहे थे कि वह जिस साल पैदा हुई थी, उस साल अप्रैल में आएगी और हमें एक कॉल आया कि वह जल्द ही आने वाली है, तो मूल रूप से, हम एक्शन में आ गए।" संगीतकार के अनुसार मालती का जन्म सिर्फ 1 पाउंड, 11 औंस वज़न के साथ हुआ था। उन्होंने याद करते हुए कहा- "वह बैंगनी रंग की निकली और तुरंत कार्रवाई करने के लिए नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) टीम को श्रेय दिया। पीपल मैगज़ीन के अनुसार, उन्होंने कहा- "NICU में इन फरिश्तों ने उसी पल उसे होश में लाया, और बहुत जल्दी उसकी देखभाल की और इंट्यूबेशन और बाकी सब कुछ किया।"

क्योंकि मालती का जन्म COVID-19 महामारी के दौरान हुआ था, जोनास ने कहा कि उन्होंने और प्रियंका चोपड़ा ने महीनों तक अस्पताल में अपना समय बांटा। इस जोड़े ने साढ़े तीन महीने तक NICU में 12-12 घंटे की शिफ्ट की, क्योंकि उनकी बेटी ज़िंदा रहने के लिए संघर्ष कर रही थी और धीरे-धीरे ताकत हासिल कर रही थी। जोनास ने अस्पताल के माहौल के बारे में कहा- "मुझे अभी भी उसकी गंध आती है, उन्होंने इस अनुभव को आरामदायक और डरावना दोनों बताया। उस दौरान हॉस्पिटल में रहने के दौरान, मालती को छह बार ब्लड ट्रांसफ्यूजन हुआ। जोनास ने बताया कि उसकी हालत धीरे-धीरे सुधर रही थी और साढ़े तीन महीने बाद वह आखिरकार घर जा पाई।

अपनी इस जर्नी के बारे में सोचते हुए, जोनास ने कहा- "मुझे लगता है कि उसे पता है कि वह दुनिया में कैसे आई और उसकी ज़िंदगी का पहला चैप्टर कैसा था और इसलिए हर दिन एक तोहफ़ा है।" पीपल मैगज़ीन के अनुसार, प्रियंका चोपड़ा ने पहले भी इसी समय के बारे में बात की है।
एक इंटरव्यू में, उन्होंने बताया कि मालती का जन्म पूरे एक ट्राइमेस्टर पहले हुआ था और वह "मेरे हाथ से भी छोटी थी।" उन्होंने याद किया कि जब डॉक्टर नवजात को इंट्यूबेट कर रहे थे, तो वह ऑपरेटिंग रूम में खड़ी थीं, और उन्होंने माना कि उन्हें नहीं पता था कि उनकी बेटी ज़िंदा बचेगी या नहीं।