08 DECMONDAY2025 9:37:33 AM
Nari

भारत की 'ट्री वुमन' ने 114 वर्ष की उम्र में छोड़ी दुनिया, प्रोटोकाल तोड़ राष्ट्रपति को दिया था आशीर्वाद

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 14 Nov, 2025 05:13 PM
भारत की 'ट्री वुमन' ने 114 वर्ष की उम्र में छोड़ी दुनिया, प्रोटोकाल तोड़ राष्ट्रपति को दिया था आशीर्वाद

नारी डेस्क: पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित और पर्यावरणविद् 'सालूमरदा' थिमक्का का शुक्रवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि 114 वर्षीय थिमक्का काफी समय से बीमार थीं और अस्पताल में भर्ती थीं, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। तीस जून, 1911 को जन्मीं थिमक्का को बेंगलुरु दक्षिण जिला मुख्यालय रामनगर में हुलिकल व कुदुर के बीच 4.5 किलोमीटर के क्षेत्र में 385 बरगद के पेड़ लगाने के लिए ‘सालूमरदा' (वृक्ष माता) की उपाधि दी गई। 

PunjabKesari
बिना किसी औपचारिक शिक्षा के थिमक्का ने वृक्षारोपण अभियान शुरू किया। वह पेड़ों को अपने बच्चों की तरह मानती थीं ताकि जीवन में निःसंतानता के कारण आए खालीपन को भर सकें। अपने काम के लिए उन्हें 12 पुरस्कार मिले। उन्हें पद्मश्री (2019), हम्पी विश्वविद्यालय द्वारा दिए जाने वाले नादोजा पुरस्कार (2010), राष्ट्रीय नागरिक पुरस्कार (1995) और इंदिरा प्रियदर्शिनी वृक्षमित्र पुरस्कार (1997) से सम्मानित किया गया। 

PunjabKesari

वह तब चर्चा में आई जब उन्होंने राष्ट्रपति भवन का कड़ा प्रोटोकाल तोड़ते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को आशीर्वाद दिया था। पुरस्कार लेने पहुंची थीमक्का ने आशीर्वाद स्वरूप राष्ट्रपति के माथे को हाथ लगाया था।  थीमक्का के इस सहज कदम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य मेहमानों के चेहरे पर मुस्कान आ गई और समारोह कक्ष उत्साहपूर्वक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

PunjabKesari
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शोक संदेश में कहा- "सालूमरदा थिमक्का के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। थिमक्का ने हजारों पेड़ लगाए और उन्हें अपने बच्चों की तरह पाला। उन्होंने अपना अधिकांश जीवन पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया।" उन्होंने कहा कि भले ही थिमक्का स्वर्ग सिधार गई हों, लेकिन पर्यावरण के प्रति उनके प्रेम ने उन्हें अमर बना दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा, उनके पुत्र व केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी, उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा, कर्नाटक के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और कई राजनीतिक नेताओं ने थिमक्का के निधन पर शोक व्यक्त किया।
 

Related News