13 MARFRIDAY2026 3:11:15 PM
Life Style

LPG के बढ़ते दामों के बिच, इस शहर में Induction चूल्हों की मांग अचानक बढ़ी

  • Edited By Monika,
  • Updated: 13 Mar, 2026 01:34 PM
LPG के बढ़ते दामों के बिच, इस शहर में Induction चूल्हों की मांग अचानक बढ़ी

नारी डेस्क : राजधानी दिल्ली में इन दिनों इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक तेजी से बढ़ गई है। गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच लोग घरों, रेस्तरां और कैंटीन के लिए तेजी से इंडक्शन चूल्हे खरीद रहे हैं। बाजार के कारोबारियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में इसकी बिक्री चार से पांच गुना तक बढ़ गई है। दिल्ली के प्रमुख बाजार के कारोबारियों का कहना है कि पहले जहां एक महीने में दो से तीन इंडक्शन चूल्हे बिकते थे, वहीं पिछले तीन दिनों में ही 10 से ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं। व्यापारियों को आने वाले दिनों में इसकी मांग और बढ़ने की उम्मीद है।

बाजार में बढ़ रही है मांग

भागीरथ पैलेस के थोक कारोबारी किशन कुमार के मुताबिक, फिलहाल बाजार में इंडक्शन चूल्हों और इंडक्शन कुकर का स्टॉक मौजूद है, लेकिन अगर स्थिति ऐसी ही बनी रही तो आने वाले समय में इनकी कमी भी हो सकती है। सिर्फ ऑफलाइन बाजार ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी इनकी बिक्री तेजी से बढ़ी है। कई ई-कॉमर्स साइट्स पर इंडक्शन चूल्हों का स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है।

PunjabKesari

ज्यादा क्षमता वाले इंडक्शन की अधिक मांग

चांदनी चौक के व्यापारी के अनुसार बाजार में इंडक्शन चूल्हों की कीमत लगभग 1200 रुपये से लेकर 4000 रुपये तक है। उन्होंने बताया कि इन दिनों 1900 वॉट और 2200 वॉट क्षमता वाले इंडक्शन चूल्हों की मांग ज्यादा है, क्योंकि इनका उपयोग बड़े पैमाने पर खाना बनाने के लिए किया जा सकता है। यही वजह है कि कैंटीन, ढाबों और रेस्तरां में भी इनका इस्तेमाल बढ़ रहा है। वहीं घरेलू उपयोग के लिए 1200 से 1500 वॉट वाले इंडक्शन चूल्हे अधिक लोकप्रिय हैं।

यें भी पढ़ें : गर्मियों में इन 4 लोगों को नहीं खानी चाहिए दही, गलती से खा लिया तो हो सकता है नुकसान

आईजीएल (IGL) ने उपभोक्ताओं को भेजा संदेश

गैस आपूर्ति को लेकर लोगों में बढ़ती चिंता को देखते हुए Indraprastha Gas Limited (आईजीएल) ने उपभोक्ताओं को मोबाइल संदेश भेजकर स्पष्ट किया है कि पीएनजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और घबराने की जरूरत नहीं है। कंपनी ने कहा कि घरेलू गैस सप्लाई बाधित नहीं हुई है और उपभोक्ताओं को किसी तरह की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

PunjabKesari

क्या इंडक्शन पर खाना बनाना गैस से सस्ता है?

गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में अनिश्चितता के कारण लोग यह भी जानना चाहते हैं कि इंडक्शन पर खाना बनाना गैस की तुलना में सस्ता पड़ता है या नहीं।

1 घंटे में कितनी बिजली खर्च होती है

आमतौर पर इंडक्शन चूल्हे 1200 वॉट से 2000 वॉट तक की पावर के होते हैं। अगर 2000 वॉट का इंडक्शन चूल्हा अधिकतम सेटिंग पर चलाया जाए तो यह लगभग एक घंटे में 2 यूनिट बिजली खर्च कर सकता है।

यें भी पढ़ें : मशहूर Actress का 65 साल की उम्र में निधन, कैंसर ने ली जान

बिजली का खर्च कितना

अगर किसी क्षेत्र में बिजली की कीमत 8 रुपये प्रति यूनिट है, तो 2 यूनिट बिजली का खर्च लगभग 16 रुपये प्रति घंटा होगा। यानी एक घंटे तक इंडक्शन पर खाना बनाने का खर्च करीब 16 रुपये पड़ेगा।

PunjabKesari

एलपीजी (LPG) पर कितना खर्च

भारत में घरेलू उपयोग के लिए आमतौर पर 14.2 किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल होता है। अगर इसकी कीमत लगभग 913 रुपये मानी जाए तो 1 किलो गैस की कीमत करीब 64 रुपये पड़ती है। एक सामान्य दो-बर्नर गैस स्टोव में दोनों बर्नर चलने पर करीब 0.30 किलोग्राम गैस प्रति घंटा खर्च हो सकती है। इस हिसाब से एक घंटे में गैस का खर्च लगभग 19 से 20 रुपये पड़ता है।

क्या कहता है तुलना का आंकड़ा

इन गणनाओं के आधार पर देखा जाए तो सामान्य परिस्थितियों में इंडक्शन पर खाना बनाना गैस की तुलना में थोड़ा सस्ता पड़ सकता है। हालांकि यह बिजली दर, इंडक्शन की पावर और खाना पकाने के समय पर भी निर्भर करता है।

Related News