
नारी डेस्क : इंडोनेशिया की जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लुला लाहफ़ा (26) का 23 जनवरी 2026 को निधन हो गया। उनका शव साउथ जकार्ता स्थित उनके अपार्टमेंट में शाम करीब 6:44 बजे सुरक्षा कर्मियों द्वारा पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मेट्रो जाया पुलिस की क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार, लुला लाहफ़ा हाल ही में नए साल के दौरान किडनी स्टोन की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती हुई थीं। हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर थी जबरदस्त लोकप्रियता
लुला लाहफ़ा इंस्टाग्राम पर 27 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स के साथ इंडोनेशिया की सबसे लोकप्रिय डिजिटल क्रिएटर्स में शामिल थीं। वह अपने लाइफस्टाइल व्लॉग्स, ब्यूटी टिप्स और म्यूजिक कवर वीडियोज़ के लिए जानी जाती थीं। इसके अलावा, वह अपने बॉयफ्रेंड और मशहूर म्यूजिक प्रोड्यूसर रेज़ा ऑक्टावियन (Weird Genius) के साथ भी अक्सर कंटेंट शेयर करती थीं, जिसे फैंस खूब पसंद करते थे।
आखिरी पोस्ट ने भावुक कर दिया
लुला का आखिरी इंस्टाग्राम रील 21 जनवरी को पोस्ट किया गया था, जिसमें वह एक साधारण लेकिन भावनात्मक बातचीत करती नजर आई थीं। यह रील अब तक 10 लाख से अधिक लाइक्स हासिल कर चुकी है। पोस्ट पर इंडोनेशिया की कई नामचीन हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी, जिनमें अभिनेत्री कैटलिन हेल्डरमैन और म्यूजिशियन हसन अलायद्रस शामिल हैं।
Weird Genius ने रद्द किए सभी इवेंट्स
इस दुखद खबर के सामने आने के बाद म्यूजिक ग्रुप Weird Genius ने अपने सभी आगामी इवेंट्स और शोज़ को रद्द कर दिया है। वहीं, पुलिस ने मीडिया और फैंस से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और जांच में परिवार का सहयोग करें। लुला लाहफ़ा के असामयिक निधन से न सिर्फ इंडोनेशिया, बल्कि दुनिया भर में उनके फैंस और फॉलोअर्स गहरे शोक में डूबे हुए हैं।