नारी डेस्क: हिमाचल प्रदेश एक बार फिर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। यहां के सिरमौर जिले में शुक्रवार को एक निजी बस के खाई में गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों को बचाव कार्य में मदद करते और बस के मलबे से घायलों को निकालने की कोशिश करते देखा जा सकता है। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना हरिपुरधार इलाके में उस समय हुई जब बस सोलन से आ रही थी और बस सड़क से 100 से 200 फुट नीचे जा गिरी। पुलिस के मुताबिक, बस गिरने के बाद पलट गयी और दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग बचाव कार्य के लिए दौड़े व पुलिस को इसकी सूचना दी।
बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। उद्योग मंत्री व शलाई विधानसभा क्षेत्र से विधायक हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है और ददाहू, संगड़ाह और नाहन के अस्पतालों में चिकित्सा दल तैयार हैं। विधायक ने कहा कि दुर्घटना का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया।