
नारी डेस्क: सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह कब जिंदगी से बड़ी हो जाती है, इसका अंदाजा अक्सर बहुत देर से लगता है। कुछ सेकंड की एक वीडियो, कुछ लाइक्स और थोड़ी-सी पहचान पाने की उम्मीद में लोग ऐसे काम कर बैठते हैं, जिनका अंजाम कभी सोचा भी नहीं होता। बांदा की यह घटना सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि एक कड़वी सीख है कि कैमरे के सामने किया गया एक गलत फैसला पूरे परिवार की दुनिया बदल सकता है। यह लेख उसी दर्दनाक सच्चाई की याद दिलाने के लिए है ताकि कोई और व्यक्ति सिर्फ व्यूज़ और फॉलोअर्स के लिए अपनी या अपने अपनों की जिंदगी को खतरे में न डाले। कृपया ऐसे प्रयोग घर पर या कहीं भी न करें।
कैसे हुआ हादसा
यह घटना बांदा जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र के करूड्या पुरवा इलाके की है। यहां रहने वाली 27 वर्षीय मोहिनी को रील बनाने का शौक था। वह अक्सर मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करती थी। घटना वाले दिन उसका पति काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। घर पर मोहिनी अपनी 4 साल की बेटी के साथ थी। इसी दौरान वह एक रील रिकॉर्ड कर रही थी। रील बनाते समय अचानक एक दुर्घटना हो गई, जिसमें मोहिनी की हालत बिगड़ गई। वह खुद को संभाल नहीं सकी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
बच्ची की चीख सुनकर पहुंचे लोग
कुछ समय बाद जब उसकी बेटी कमरे में पहुंची और मां को कोई हरकत करते नहीं देखा, तो वह डर गई और रोने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई की। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह एक हादसा प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
सीख देने वाली घटना
यह घटना बताती है कि सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाते समय पूरी सावधानी बरतना जरूरी है। किसी भी तरह का जोखिम भरा काम गंभीर परिणाम ला सकता है।