29 APRMONDAY2024 11:06:41 PM
Nari

महिला नेताओं के चरित्र पर क्यों होती है अभद्र टीका-टिप्पणी ? हेमा से लेकर मायावती तक सब हो चुकी हैं शिकार

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 08 Apr, 2024 06:47 PM
महिला नेताओं के चरित्र पर क्यों होती है अभद्र टीका-टिप्पणी ? हेमा से लेकर मायावती तक सब हो चुकी हैं शिकार

चुनाव आते ही महिला नेताओं के खिलाफ अभद्र बयानबाजी का सिलसिला शुरू हो जाता है। ऐसा ही कुछ 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी देखने को मिल रहा है, जिसमें भाजपा की चर्चित उम्मीदवारों-हेमा मालिनी व कंगना रनौत और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी को निशाना बनाया जा चुका है। कांग्रेस के नेता रणदीप सुरजेवाला ने हेमा मालिनी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करके अपनी पार्टी और नेताओं को मुश्किल में डाल दिया, जिसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग तुरंत उनके खिलाफ निर्वाचन आयोग पहुंच गया। 

PunjabKesari

लैंगिक भेदभाव का सामना करती हैं महिला नेता

कई साल पहले, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू यादव ने हेमा मालिनी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दावा किया था कि वह बिहार की सड़कों को उनके गालों जितनी चिकनी बना देंगे। महिला अधिकार कार्यकर्ता रंजना कुमारी ने कहा कि “केवल प्रतिद्वंद्वी दलों के बीच नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों के अंदर भी सभी महिला नेताओं को अपने पुरुष सहयोगियों से लैंगिक भेदभाव का सामना करना पड़ता है। आप किसी भी महिला नेता से पूछ सकते हैं और वह आपको यही बताएगी।” 


भाजपा की महिला नेता रहती हैं निशाने पर

दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मैरी कॉलेज में राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर सुशीला रामास्वामी ने कहा कि आधुनिक समाज के लिए आवश्यक लैंगिक समानता और बहुलवाद “भारत में अभी भी नवजात व महत्वहीन हैं।” उन्होंने कहा- “महिलाओं का प्रतिनिधित्व कई अन्य लोकतांत्रिक देशों की तुलना में बहुत कम है। वहां महिलाएं विशेषाधिकार प्राप्त और अच्छे परिवारों से हैं।” सुरजेवाला से पहले, उनकी पार्टी के नेता सुप्रिया श्रीनेत और एच.एस. अहीर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर रनौत व उनके निर्वाचन क्षेत्र मंडी को जोड़कर पोस्ट करने के लिए निशाने पर आ गए थे। श्रीनेत ने यह कहते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी हटा दी थी कि संबंधित पोस्ट उन्होंने नहीं किया था। इसके अलावा, कर्नाटक से कांग्रेस के विधायक शमनूर शिवशंकरप्पा ने भाजपा की गायत्री सिद्धेश्वरा के बारे में कहा कि वह केवल "खाना बनाने के लायक" हैं। 

PunjabKesari

ये  दिग्गज हस्तियां भी हो चुकी हैं आपत्तिजनक टिप्पणी का शिकार

ऐसा लगता है कि इस चुनावी मौसम के लिए इस तरह की टिप्पणियों के लिए पहले से तैयारी की गई थी। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि भारतीय राजनीति में सोनिया गांधी, मायावती, ममता बनर्जी, स्मृति ईरानी, जयाप्रदा और प्रियंका गांधी वाद्रा जैसी दिग्गज हस्तियां किसी न किसी समय आपत्तिजनक लैंगिक टिप्पणी का निशाना बनीं। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने 2019 में भाजपा नेता जयाप्रदा के बारे में अभद्र टिप्पणी की थी। उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक रैली के दौरान खान ने कहा था, “मैं उन्हें (जयाप्रदा को) रामपुर लेकर आया। आपको उनका असली चेहरा पहचानने में 17 साल लग गए लेकिन मुझे 17 दिन में पता चल गया कि वह खाकी अंडरवियर पहनती हैं।”


2019 में देखने मिला था ये सब

 भारतीय राजनीति में स्त्री द्वेष पर चर्चा करते हुए महिला अधिकार कार्यकर्ता रंजना कुमारी ने कहा कि “किसी महिला के शरीर पर टिप्पणी करके उसे नीचा दिखाना” एक आम मानसिकता है। उन्होंने कहा कि हालांकि ऐसे मामलों में आरोपी महिलाएं अंततः माफी मांग लेती हैं, लेकिन पुरुष शायद ही कभी ऐसा करते हैं। इसी तरह की घटनाएं 2019 के आम चुनाव के दौरान देखी गईं जब राजनीतिक दिग्गजों ने अपनी महिला प्रतिद्वंद्वियों के बारे में अभद्र टिप्पणी करके उन्हें निशाना बनाया। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को “घूंघट” के पीछे रहने की सलाह दी थी। वहीं, भाजपा के एक अन्य नेता विनय कटियार ने कथित तौर पर पूछा था कि क्या कांग्रेस नेता सोनिया गांधी राहुल गांधी को सबूत दे पाएंगी कि उनके पिता राजीव गांधी थे। कटियार ने प्रियंका गांधी वाद्रा को भी निशाना बनाते हुए कहा था कि “राजनीति में पहले ही बहुत ज्यादा खूबसूरत स्टार प्रचारक हैं।” 

PunjabKesari
उर्मिला मातोंडकर भी आ चुकी हैं घेरे में 

उसी वर्ष, अभिनेत्री से नेता बनीं उर्मिला मातोंडकर लैंगिक टिप्पणी का निशाना बनीं जब भाजपा के गोपाल शेट्टी ने कहा कि उन्हें उनके रंग-रूप के कारण टिकट दिया गया। भाजपा के दयाशंकर सिंह ने 2016 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती को “वेश्या से भी बदतर” कहा था। सिंह ने आरोप लगाया था कि मायावती ने पैसे लेकर टिकट बेचे थे। पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के तत्कालीन उपाध्यक्ष सिंह की टिप्पणी के परिणामस्वरूप केशव प्रसाद मौर्य और अरुण जेटली जैसे भाजपा नेताओं को संसद में मायावती से माफी मांगनी पड़ी थी। 2022 में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने पर पुलिस ने कांग्रेस नेता अजय राय के खिलाफ मामला दर्ज किया था। 


देश को बदलने की बेहद जरुरत

राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर लैंगिक और अपमानजनक टिप्पणियां करना कोई नयी बात नहीं है, लेकिन कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह अपनी ही पार्टी की नेता के बारे में अभद्र टिप्पणी करके निशाने पर आ गए थे। साल 2013 में, सिंह ने मंदसौर की तत्कालीन सांसद मीनाक्षी नटराजन को "सौ टका टंच माल" कहा था, जिसके परिणामस्वरूप कई दलों ने उनकी तीखी आलोचना की थी। रामास्वामी ने कहा कि “उचित शिक्षा, पालन-पोषण और जागरूकता की कमी के कारण पुरुष श्रेष्ठता की विकृत धारणा वास्तविक दुनिया में परिलक्षित नहीं होती। हमारे पास एक उदार राजनीतिक संरचना है लेकिन एक उदार समाज का विकास एक सतत प्रक्रिया है और इसमें समय लगेगा।”

Related News