
नारी डेस्क : आजकल ट्रैवल का मतलब सिर्फ घूमना नहीं, बल्कि एडवेंचर का मजा लेना भी हो गया है। अगर आप इस गर्मियों में कुछ अलग और रोमांचक करना चाहते हैं, तो रिवर राफ्टिंग एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। तेज बहती नदियों, ठंडी हवाओं और उफनती लहरों के बीच राफ्टिंग का अनुभव दिल की धड़कन तेज कर देता है। भारत में कई ऐसी जगहें हैं, जहां आप इस एडवेंचर का भरपूर आनंद ले सकते हैं।
जांस्कर नदी (लद्दाख)
लद्दाख की जांस्कर नदी एडवेंचर लवर्स के लिए किसी सपने से कम नहीं है। ऊंचे पहाड़ों और ठंडे रेगिस्तानी इलाके के बीच राफ्टिंग करना एक अनोखा अनुभव देता है। यह दुनिया के सबसे ऊंचे राफ्टिंग रूट्स में से एक माना जाता है।

कुंडलिका नदी (महाराष्ट्र)
अगर आप वीकेंड ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो कोलाड की कुंडलिका नदी बेस्ट ऑप्शन है। यहां लगभग पूरे साल राफ्टिंग की सुविधा मिलती है, जिससे यह जगह एडवेंचर प्रेमियों के बीच काफी पॉपुलर है।
टोंस नदी (उत्तराखंड)
उत्तराखंड की टोंस नदी को भारत की सबसे चुनौतीपूर्ण राफ्टिंग नदियों में गिना जाता है। इसका तेज बहाव और कठिन रूट इसे खास बनाता है, जहां राफ्टिंग करना हर किसी के बस की बात नहीं होती। यह जगह खास तौर पर उन लोगों के लिए परफेक्ट है, जो एडवेंचर में जोखिम और नया अनुभव लेना पसंद करते हैं।

ब्रह्मपुत्र नदी (अरुणाचल प्रदेश)
अरुणाचल प्रदेश में बहने वाली ब्रह्मपुत्र नदी रिवर राफ्टिंग के लिए बेहद रोमांचक और चुनौतीपूर्ण मानी जाती है। इसका तेज बहाव और लंबा रूट एडवेंचर को और भी खास बना देता है। राफ्टिंग के दौरान घने जंगल, ऊंचे पहाड़ और खूबसूरत गांवों के नज़ारे इस अनुभव को यादगार बना देते हैं, जो हर एडवेंचर लवर के लिए एक अनोखा एक्सपीरियंस साबित होता है।
राफ्टिंग करते समय रखें ध्यान
हमेशा प्रशिक्षित गाइड के साथ ही राफ्टिंग करें
लाइफ जैकेट और सेफ्टी गियर जरूर पहनें
पहली बार राफ्टिंग कर रहे हैं तो आसान रूट चुनें
तैरना सीखना फायदेमंद रहता है।

अगर आप एडवेंचर के शौकीन हैं, तो ये जगहें आपकी ट्रिप को यादगार बना सकती हैं। सही तैयारी और सुरक्षा के साथ रिवर राफ्टिंग का मजा दोगुना हो जाता है।