
नारी डेस्क : साउथ फिल्म इंडस्ट्री के पावर कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी शादी को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। 26 फरवरी को उदयपुर में ग्रैंड वेडिंग के बाद जहां फैंस कपल की रोमांटिक तस्वीरों पर प्यार लुटा रहे हैं, वहीं शादी के महज 3 दिन बाद दोनों का एक नोकझोंक भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में रश्मिका गुस्से में विजय से कहती नजर आती हैं, “तुझे नहीं है मेरी कदर… हम एक-दूसरे के लिए नहीं बने।” इस डायलॉग ने फैंस को चौंका दिया, लेकिन सच्चाई कुछ और ही निकली।
असल में क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई?
दरअसल, यह वीडियो रियल लाइफ झगड़े का नहीं, बल्कि एक ऐड शूट की रील है। शादी की झलकियों के बीच रश्मिका और विजय ने एक मजेदार विज्ञापन शूट किया, जिसे रश्मिका ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इस ऐड में रश्मिका लाल रंग के ब्राइडल लहंगे में नजर आ रही हैं, जबकि विजय ने क्रीम कलर की शेरवानी पहनी है। ड्रेस मिसमैच को लेकर दोनों के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक दिखाई जाती है, जो बाद में प्यार भरे मोमेंट में बदल जाती है।

गुस्से से प्यार तक का सफर
वायरल वीडियो में पहले रश्मिका विजय पर नाराज होती दिखती हैं और कहती हैं कि दोनों एक-दूसरे के लिए नहीं बने। लेकिन जैसे ही बात दिल से जुड़ती है, दोनों मुस्कुराते हुए कहते हैं, “We are made for each other.” यही वजह है कि यह वीडियो फैंस को बेहद पसंद आ रहा है और तेजी से वायरल हो रहा है।
‘गीता गोविंदम’ से शुरू हुई लव स्टोरी
रश्मिका और विजय की केमिस्ट्री किसी से छिपी नहीं है। दोनों की नजदीकियां फिल्म गीता गोविंदम के दौरान बढ़ीं और फिर डियर कॉमरेड में भी उनकी जोड़ी को खूब सराहा गया। ऑन-स्क्रीन के साथ-साथ ऑफ-स्क्रीन भी यह कपल हमेशा चर्चा में रहा।
शादी के बाद फिर साथ नजर आएगी जोड़ी
शादी के बाद भी यह जोड़ी बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार है। रश्मिका और विजय जल्द ही फिल्म राणाबली में नजर आएंगे। फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर पहले ही जारी हो चुका है। बताया जा रहा है कि यह कहानी 1850 के दशक की सच्ची और अनकही घटनाओं पर आधारित होगी। फिल्म में विजय ‘राणाबली’ और रश्मिका उनकी पत्नी ‘जयम्मा’ के किरदार में दिखाई देंगी।