नारी डेस्क : होली खुशियों, रंगों और आपसी मेल-मिलाप का त्योहार है। इस दिन लोग रंग खेलते हैं, गले मिलते हैं और तरह-तरह के पकवानों का आनंद लेते हैं। देश के कई हिस्सों में होली के मौके पर ठंडाई या मिठाइयों में भांग मिलाने की परंपरा भी रही है। लेकिन जश्न और मस्ती के माहौल में लोग अक्सर यह भूल जाते हैं कि भांग का असर शरीर के साथ-साथ दिमाग पर भी गंभीर रूप से पड़ सकता है। कई बार यह मजा बाद में बड़ी परेशानी की वजह बन जाता है। अगर आप भी इस होली भांग का सेवन करने की सोच रहे हैं, तो उससे पहले इसके नुकसान और जोखिम जरूर जान लें।
क्या है भांग और क्यों किया जाता है इसका सेवन?
भांग कैनबिस सैटिवा पौधे की सूखी पत्तियों और कलियों से तैयार की जाती है। इसे पीसकर पेस्ट बनाया जाता है और अलग-अलग तरीकों से सेवन किया जाता है। होली पर आमतौर पर ठंडाई में मिलाकर, भांग लस्सी बनाकर या कुछ जगहों पर मिठाइयों में मिलाकर। इसका सेवन किया जाता है। सीमित मात्रा में भी यह नशा पैदा करती है, लेकिन जरा-सी ज्यादा मात्रा शरीर और दिमाग दोनों को नुकसान पहुंचा सकती है।

भांग का सेवन क्यों हो सकता है खतरनाक?
दिमाग पर पड़ता है सीधा असर
भांग का सबसे ज्यादा प्रभाव दिमाग पर पड़ता है। शुरुआत में यह तनाव कम करने जैसा एहसास दे सकती है।
लेकिन अधिक सेवन से याददाश्त कमजोर हो सकती है
सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित होती है
चिड़चिड़ापन और अवसाद बढ़ सकता है
नींद से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं
लंबे समय तक या बार-बार सेवन करने से ब्रेन फंक्शन पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
घबराहट, बेचैनी और तेज दिल की धड़कन
जो लोग पहली बार भांग का सेवन करते हैं या अनजाने में ज्यादा मात्रा ले लेते हैं,
उनमें घबराहट और डर लगना।
बेचैनी और दिल की धड़कन तेज होना
ब्लड प्रेशर का अचानक बढ़ना या गिरना
जैसी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं। कई मामलों में चक्कर आना और कमजोरी भी महसूस होती है।

मेमोरी लॉस और संतुलन बिगड़ने का खतरा
भांग के असर से शरीर का संतुलन बिगड़ सकता है
चलने-फिरने में लड़खड़ाहट हो सकती है
हाथ-पैरों की पकड़ कमजोर पड़ सकती है
कुछ मामलों में अस्थायी मेमोरी लॉस भी देखा गया है, जिसमें व्यक्ति हाल की बातें भूलने लगता है।
ज्यादा मात्रा में सेवन करने से यह समस्या बढ़ सकती है।
बच्चों और बुजुर्गों के लिए ज्यादा खतरनाक
होली की मस्ती में कई बार अनजाने में भांग बच्चों तक पहुंच जाती है, जो बेहद खतरनाक हो सकता है।
बुजुर्गों, दिल के मरीजों, हाई बीपी, डायबिटीज या मानसिक स्वास्थ्य से जूझ रहे लोगों के लिए भी भांग का सेवन गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है।

होली में रखें ये सावधानियां
खाली पेट भांग का सेवन न करें
ज्यादा मात्रा से बचें
बच्चों से भांग वाली चीजें दूर रखें
पहले से किसी बीमारी से ग्रस्त हैं तो सेवन बिल्कुल न करें।
चक्कर, घबराहट या उलझन महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
होली का त्योहार खुशियों और रंगों के लिए है, न कि सेहत को खतरे में डालने के लिए। थोड़ी-सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। बेहतर यही है कि होली का आनंद बिना नशे के लें और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाएं।