नारी डेस्क: समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में "इंडियाज गॉट लेटेंट" शो के दौरान रणवीर ने एक अश्लील सवाल पूछा, जिसके बाद उनका और समय रैना का नाम विवादों में आ गया। रणवीर द्वारा की गई टिप्पणी ने विवाद खड़ा कर दिया, जिसके बाद अहमदाबाद में होने वाला समय रैना का शो रद्द कर दिया गया।
रणवीर की विवादित टिप्पणी
समय रैना का शो हमेशा अपने बोल्ड कंटेंट के लिए चर्चा में रहता है, और इस शो के लेटेस्ट एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया, अपूर्वा मखीजा और आशीष चंचलानी मौजूद थे। इस दौरान रणवीर ने एक कंटेस्टेंट से सवाल पूछा, "क्या आप पूरी जिंदगी रोज अपने पेरेंट्स को इंटीमेट होते देखना चाहेंगे या फिर एक बार उन्हें जॉइन करना चाहेंगे?" यह सवाल बेहद आपत्तिजनक था और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

सभी तरफ से आलोचना
रणवीर की इस टिप्पणी को लेकर उनकी कड़ी आलोचना की जा रही है। इसके बाद रणवीर ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और कहा कि वह इस प्रकार की बातें नहीं करना चाहते थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर यह भी कहा कि वह कॉमेडी के क्षेत्र में नहीं हैं और जो भी उन्होंने शो में कहा, वह उन्हें नहीं कहना चाहिए था।
शो रद्द करने का निर्णय
रणवीर की इस टिप्पणी का असर समय रैना के शो पर भी पड़ा है। अहमदाबाद में 19 और 20 अप्रैल को होने वाला समय रैना का शो अब रद्द कर दिया गया है। यह शो अहमदाबाद के औडा स्थित शेला ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाला था, जिसे एक इवेंट कंपनी सूरत से आयोजित कर रही थी। शो के टिकट 999, 1499 और 2500 रुपये में बिक रहे थे। अब बुक माई शो ने अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में शो की बुकिंग भी बंद कर दी है।
कई हस्तियों ने जताई नाराजगी
रणवीर की टिप्पणी के बाद कई फिल्मी हस्तियों ने गुस्सा जाहिर किया है। बी-प्राक ने रणवीर के साथ पॉडकास्ट करने का निर्णय भी रद्द कर दिया। मुकेश खन्ना ने कहा कि ऐसे लोगों को गधे पर बैठाकर घुमाना चाहिए, वहीं अन्नू कपूर, रवि किशन, मीका सिंह और शैलेष लोढ़ा ने भी इस मुद्दे पर नाराजगी व्यक्त की है।
रणवीर की टिप्पणी ने न सिर्फ उनके लिए बल्कि उनके करीबी दोस्त समय रैना के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं, और इसके परिणामस्वरूप शो को रद्द करना पड़ा है।