29 APRMONDAY2024 3:56:25 AM
Nari

सौतेली मां कैमिला को विलेन मानते हैं प्रिंस हैरी, बोले- भाई के कहने पर पिता ने की दूसरी शादी

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 09 Jan, 2023 05:52 PM
सौतेली मां कैमिला को विलेन मानते हैं प्रिंस हैरी, बोले- भाई के कहने पर पिता ने की दूसरी शादी

ब्रिटेन के शाही खानदान से ताल्लुक रखने वाली राजकुमार प्रिंस हैरी अपने परिवार के लिए मुश्किलें बढ़ाते जा रहे हैं। वह आए दिन नए से नए खुलासे कर रहे हैं, इस बार उन्होंने अपनी सौतेली मां कैमिला को उनकी जिंदगी का विलेन तक बता डाला है। उनका कहना है कि कैमिला एक विलेन थीं और उनकी मां डायना की शादी में तीसरा व्‍यक्ति थीं।  उन्होंने तो यह भी दावा किया है कि उनके भाई विलियम ने पिता चार्ल्‍स को सलाह दी थी कि वह कैमिला से शादी करें।

PunjabKesari
प्रिंस ने किया अपने फैसले का बचाव

प्रिंस हैरी ने एक संस्मरण प्रकाशित करने के अपने फैसले का बचाव किया है जिसमें ब्रिटेन के शाही परिवार के आंतरिक झगड़े सबके सामने आ गये हैं। हैरी ने कहा कि यह 38 वर्षों तक दूसरे लोगों द्वारा ‘हेरफेर करने और तोड़ने-मरोड़ने' के बाद मेरी अपनी कहानी कहने का प्रयास है । ब्रिटिश शाही खानदान के राजकुमार ने अपनी पुस्तक ‘स्पेयर' के बारे में देश के आईटीवी नेटवर्क से बात की। इस किताब में निजी भावनात्मक उतार-चढ़ाव और कटु पारिवारिक संबंधों के बारे में लिखा गया है और इस वजह से यह सुर्खियों में है। 

PunjabKesari

 कैमिला पर लगाए गंभीर आराेप

रविवार को प्रसारित साक्षात्कार में प्रिंस हैरी ने शाही परिवार के सदस्यों पर अनुकूल कवरेज हासिल करने के लिए अनुचित तरीके अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सौतेली मां और क्वीन कन्सॉर्ट कैमिला ने निजी बातचीत को मीडिया को लीक कर दिया। हैरी ने यह भी कहा कि उनकी पत्नी मेगन की पीड़ा और परेशानियों के दौरान भी परिवार के सदस्यों में मिलीभगत रही। उन्होंने दावा किया कि अलग-अलग मूल के माता-पिता की पुत्री और अमेरिकी अभिनेत्री मेगन मर्केल से विवाह के बाद उनके अजन्मे बच्चे के रंग को लेकर शाही परिवार चिंतित था। 

PunjabKesari
शाही परिवार को लेकर खोले कई राज

हैरी ने कहा कि ब्रिटिश राजपरिवार को अपने नस्लीय रवैये पर ध्यान देना चाहिए। हैरी और मेगन ने सबसे पहले 2021 में ओपरा विनफ्रे को दिये साक्षात्कार में इस घटना की जानकारी दी थी। उन्होंने अपनी संतान के रंग को लेकर चिंता जताने वाले परिवार के सदस्यों का नाम नहीं बताया। हैरी ने कहा कि यह घटनाक्रम नस्लवाद के बजाय अवचेतन में पैठ बनाये हुए पूर्वाग्रहों का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि शाही परिवार को ‘समस्या के बजाय समाधान का हिस्सा' बनने के क्रम में सीखने और आगे बढ़ने की जरूरत है। हैरी ने कहा कि जब आप राजपरिवार से जुड़े होते हैं तो आपके ऊपर जिम्मेदारी होती है और इसलिए लोग आपको दूसरों से ऊंचा मानते हैं। उन्होंने एक घटना सुनाई जिसमें महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की एक पूर्व सहायिका ने एक अश्वेत ब्रिटिश महिला से पूछा था कि वह वास्तव में कहां से नाता रखती है। उन्होंने कहा कि यह ‘संस्थान के अंदर के माहौल का बहुत अच्छा उदाहरण है'। 

PunjabKesari
‘स्पेयर' में प्रिंस ने किए कई दावे 

‘स्पेयर' 1997 में हैरी की मां की मृत्यु पर उनके दुख को बयां करती है और लंबे समय तक उनके बड़े भाई प्रिंस विलियम के आगे उनका महत्व कम होने की उनकी पीड़ा को भी व्यक्त करती है। पुस्तक में हैरी ने विलियम के साथ अपनी कहासुनी और एक बार हुई हाथापाई का जिक्र किया है और कोकीन तथा अन्य नशीले पदार्थ के सेवन का खुलासा भी किया है। प्रिंस हैरी ने लिखा है कि उन्होंने अफगानिस्तान में अपाचे हेलीकॉप्टर के पायलट के रूप में 25 तालिबान लड़ाकों को मार गिराया था। उनके इस दावे की तालिबान और ब्रिटेन के पूर्व सैनिक दोनों ही निंदा करते हैं। 

PunjabKesari

हैरी की डॉक्यूमेंट्री ने भी मचाया बवाल

हैरी ने आईटीवी को बताया कि वह अपनी मां के निधन के बाद केवल एक बार उन्हें दफनाये जाते समय रोए थे। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रिंसेस डायना के लंदन स्थित आवास केनसिंग्टन पैलेस के बाहर जमा हुए शोकाकुल लोगों की भीड़ का अपने भाई के साथ अभिवादन स्वीकार करते हुए भावुकता प्रदर्शित नहीं करने का दुख है। ‘स्पेयर' से पहले हैरी और मेगन का विनफ्रे को दिया साक्षात्कार आया था और पिछले महीने उनकी छह भाग वाली नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री आई थी। हैरी ने आईटीवी से कहा कि वह शाही परिवार के साथ सुलह चाहते हैं, लेकिन ‘फैसला उन्हें करना है'। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने फिर से सुलह करने के लिए बिल्कुल भी इच्छा प्रकट नहीं की है।

Related News